मुंबई की सड़क अब 'बप्पी लहरी मार्ग' के नाम से जानी जाएगी, 45 साल तक यहीं था 'डिस्को किंग' का घर
मुंबई की एक सड़क को अब हमेशा के लिए 'डिस्को किंग' बप्पी लहरी की याद में जाना जाएगा। जुहू के जिस इलाके में दिग्गज संगीतकार ने लगभग 45 साल बिताए, वहां की एक सड़क का नामकरण 'संगीतकार बप्पी लहरी मार्ग'…
मुंबई की एक सड़क को अब हमेशा के लिए 'डिस्को किंग' बप्पी लहरी की याद में जाना जाएगा। जुहू के जिस इलाके में दिग्गज संगीतकार ने लगभग 45 साल बिताए, वहां की एक सड़क का नामकरण 'संगीतकार बप्पी लहरी मार्ग' कर दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मौके पर एक समारोह आयोजित किया गया, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ-साथ फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।
सितारों ने बप्पी दा को किया याद
इस आयोजन में शामिल हुए अभिनेता गुलशन ग्रोवर ने बप्पी लहरी को सिनेमा, संगीत और कला का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, "बप्पी लहरी सिनेमा-म्यूजिक के लीजेंड थे और कला के क्षेत्र में उन्होंने इतना नाम कमाया है। असाधारण योगदान दिया और नए रास्ते दिखाए हैं, तो उनके नाम पर स्मारक बनना बहुत गर्व और सम्मान की बात है।" वहीं, अभिनेता सुनील शेट्टी ने उन्हें एक "बेमिसाल लीजेंड" बताते हुए कहा कि यह सम्मान बहुत पहले ही मिल जाना चाहिए था, लेकिन "देर आए दुरुस्त आए।" उन्होंने यह भी कहा कि बप्पी दा उनके लिए परिवार की तरह थे।
"यह सम्मान बहुत ज़रूरी था"
अभिनेत्री पूनम ढिल्लों ने उन्हें एक जिंदादिल और बड़ी शख्सियत के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान वास्तव में बहुत ज़रूरी था। पूनम ढिल्लों के मुताबिक, "मुझे लगता है कि बप्पी दा को जो सम्मान दिया जा रहा है, वह बहुत जरूरी था और ये सड़क बप्पी दा के नाम से पहले भी जानी जाती थी। क्योंकि जब भी कोई व्यक्ति रास्ता पूछता था, तो उसे यही बोला जाता था कि बप्पी लहरी के घर से गुजर कर ही आगे जाना।" उन्होंने बप्पी दा के संगीत की अनूठी शैली का भी ज़िक्र किया, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई।
इनपुट: IANS


