आमिर खान को धमकी: स्वीडन से जुड़ा IP एड्रेस, लोकेशन छिपाने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से मिली धमकी के मामले में जांच कर रही मुंबई पुलिस की साइबर टीम को अहम सुराग हाथ लगे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी भेजने…
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से मिली धमकी के मामले में जांच कर रही मुंबई पुलिस की साइबर टीम को अहम सुराग हाथ लगे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी भेजने वाले का शुरुआती आईपी एड्रेस स्वीडन का पाया गया है। हालांकि, जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपनी असली पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) और टॉर ब्राउजर जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया, जिससे आईपी एड्रेस लगातार बदल रहा है।
यह धमकी एक ऑडियो क्लिप और फेसबुक पोस्ट के जरिए दी गई थी, जो आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई के नाम से सोशल मीडिया पर सामने आई थी। इसमें आमिर खान पर 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने और देश की संस्कृति व सनातन धर्म के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए उन्हें 'सबक सिखाने' की बात कही गई है। फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक FIR दर्ज नहीं की गई है, लेकिन पुलिस की साइबर टीम आईपी एड्रेस को ट्रैक करने और भेजने वाले का पता लगाने की कोशिशों में जुटी है।
शादी के बाद शुरू हुआ था विवाद
यह पूरा विवाद आमिर खान की तीसरी शादी के बाद खड़ा हुआ। आमिर ने 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट के साथ एक निजी समारोह में शादी की थी, जिसे स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर कराया गया था। शादी के बाद कुछ संगठनों और लोगों ने उन पर 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे सहित कुछ नेताओं ने बयानबाजी भी की थी और कुछ संगठनों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।
आमिर ने दी थी आरोपों पर सफाई
इन आरोपों पर आमिर खान पहले ही अपनी सफाई दे चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनकी किसी भी पत्नी ने शादी के लिए अपना धर्म नहीं बदला है और उनकी सभी शादियां सिविल मैरिज के तहत हुई हैं। आमिर ने यह भी बताया था कि उनकी तीसरी पत्नी गौरी स्प्रैट हिंदू नहीं, बल्कि ईसाई हैं और उनका परिवार सभी धर्मों का सम्मान करता है। गौरतलब है कि आमिर की पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से हुई थी, जो 2002 में खत्म हो गई। इसके बाद उन्होंने 2005 में किरण राव से शादी की और 2021 में दोनों अलग हो गए।
इनपुट: IANS


