अलविदा प्रोफेसर एक्स: हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 साल की उम्र में निधन
हॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित चेहरों में से एक, सर पैट्रिक स्टीवर्ट अब हमारे बीच नहीं रहे। 'एक्स-मैन' और 'स्टार ट्रेक' जैसी फ्रेंचाइजी में अपनी यादगार भूमिकाओं के लिए जाने जाने वाले इस दिग्गज अभिनेता का…
हॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित चेहरों में से एक, सर पैट्रिक स्टीवर्ट अब हमारे बीच नहीं रहे। 'एक्स-मैन' और 'स्टार ट्रेक' जैसी फ्रेंचाइजी में अपनी यादगार भूमिकाओं के लिए जाने जाने वाले इस दिग्गज अभिनेता का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ समय से अल्जाइमर और डिमेंशिया जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे।
उनके आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर साझा की गई जानकारी में बताया गया कि अंतिम समय में उनकी पत्नी सनी ओजेल उनके साथ थीं। परिवार की ओर से जारी एक भावुक संदेश में कहा गया कि अपने आखिरी दिनों में सर पैट्रिक परिवार और करीबी दोस्तों के स्नेह, संगीत और प्रार्थनाओं से घिरे रहे।
शानदार करियर और परिवार
यॉर्कशायर के मिरफील्ड में जन्मे पैट्रिक स्टीवर्ट का अभिनय करियर छह दशकों तक फैला। उन्होंने रॉयल शेक्सपियर कंपनी से लेकर ब्रॉडवे के मंच और हॉलीवुड की सिल्वर स्क्रीन तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके परिवार में उनकी तीसरी पत्नी, गायिका सनी ओजेल और पहली पत्नी शीला फाल्कनर से दो बच्चे, डैनियल और सोफिया हैं।
साथी कलाकारों ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन की खबर से हॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। 'एक्स-मैन' में उनके सह-कलाकार ह्यू जैकमैन ने इंस्टाग्राम पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "आज हमने मंच और पर्दे के एक महान कलाकार को खो दिया। और मेरी नजर में एक जबरदस्त दोस्त और इंसान को। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा। मैं तुम्हें हमेशा याद करूंगा, पैट्रिक स्टीवर्ट।" फैंस को स्टीवर्ट आखिरी बार फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' में देख सकेंगे, जो 17 दिसंबर 2026 को भारत में रिलीज होने वाली है।
इनपुट: IANS


