गुरूवार, 29 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

कप्तानी का दबाव हटा, खुलकर खेलीं हरमनप्रीत कौर, जिम्बाब्वे के खिलाफ जड़ी तूफानी पारी

जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे T20 मैच में 41 गेंदों पर 91 रनों की नाबाद और विस्फोटक पारी खेलने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा है कि वह अब बिना किसी दबाव के अपनी…

कप्तानी का दबाव हटा, खुलकर खेलीं हरमनप्रीत कौर, जिम्बाब्वे के खिलाफ जड़ी तूफानी पारी
(फोटो: IANS)

जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे T20 मैच में 41 गेंदों पर 91 रनों की नाबाद और विस्फोटक पारी खेलने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा है कि वह अब बिना किसी दबाव के अपनी बल्लेबाजी का पूरा आनंद लेना चाहती हैं। मंगलवार को रायपुर में खेले गए इस मुकाबले में उनके शानदार प्रदर्शन ने भारत को 92 रनों से जीत दिलाई, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया।

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मैच के बाद हरमनप्रीत ने अपनी इस बेफिक्र बल्लेबाजी का राज खोला। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि अब कोई दबाव है। अब सब कुछ मैदान पर एंजॉय करने के बारे में है और मैं यही करना चाहती हूं। मैं बस अपनी बल्लेबाजी का आनंद लेना चाहती हूं। रन बनाकर खुश हूं।"

कोच को दिया सफलता का श्रेय

हरमनप्रीत ने अपनी इस शानदार फॉर्म का श्रेय बैटिंग कोच हिमांशु को दिया। उन्होंने बताया कि कोच नेट्स में ही उन पर वैसा दबाव बनाए रखते हैं जैसा मैच में होता है, ताकि असली मुकाबले के दौरान उन्हें कोई अतिरिक्त बोझ महसूस न हो। पूर्व कप्तान ने कहा, "वे (हिमांशु) मेरी बल्लेबाजी पर काफी मेहनत कर रहे हैं। उन्हें पता है कि मैं किस तरह की बल्लेबाजी कर सकती हूं... मुझे लगता है कि उनकी रणनीति और विचार बहुत अच्छे से काम करते हैं।"

भारत ने 3-0 से जीती सीरीज

इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। हरमनप्रीत कौर (91* रन, 41 गेंदें, 10 चौके, 5 छक्के) और शेफाली वर्मा (69 रन, 37 गेंदें, 6 चौके, 5 छक्के) की आतिशी पारियों की बदौलत भारत ने 7 विकेट पर 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 124 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। शेफाली वर्मा को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' घोषित किया गया।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →