मुंबई: अजय देवगन के जुहू वाले बंगले पर चला BMC का हथौड़ा, अवैध निर्माण का आरोप
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के मुंबई स्थित एक बंगले में कथित अवैध निर्माण को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जुहू स्थित इस बंगले के कुछ…
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के मुंबई स्थित एक बंगले में कथित अवैध निर्माण को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जुहू स्थित इस बंगले के कुछ हिस्सों को बीएमसी ने गिरा दिया है। यह कार्रवाई नगर निगम द्वारा भेजे गए 'काम रोको' नोटिस के बाद की गई।
मामला जुहू के कपोल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में स्थित 7,802 वर्ग फुट के बंगले से जुड़ा है। बीएमसी के अनुसार, बंगले के अंदर बिना इजाजत के कई तरह के बदलाव किए जा रहे थे, जिनमें अंदरूनी फेरबदल, विभाजन की दीवारें बनाना और खिड़कियों में परिवर्तन शामिल थे।
नोटिस के बावजूद जारी रहा काम
रिपोर्ट के अनुसार, बीएमसी ने 10 सितंबर 2026 को मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन एक्ट की धारा 354ए के तहत एक नोटिस जारी किया था। इस नोटिस में निर्माण कार्य तत्काल रोकने और जरूरी मंजूरियों से जुड़े दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया था।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा, जिसके बाद बीएमसी ने बंगले में हुए कुछ कथित अनधिकृत निर्माणों को हटाने के लिए यह कदम उठाया। हालांकि, बताया जा रहा है कि अजय देवगन अपने परिवार के साथ जुहू के ही एक दूसरे बंगले 'शिवशक्ति' में रहते हैं।
फिल्मों में व्यस्त हैं अजय
अभिनय के मोर्चे पर, अजय देवगन की हालिया फिल्म 'दृश्यम-3' सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस क्राइम थ्रिलर में अजय के साथ तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत और रजत कपूर जैसे कलाकार हैं। यह फिल्म 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी किस्त है।
इनपुट: IANS


