Asian Games 2026: कप्तान फ़ातिमा सना के हरफ़नमौला खेल से जीता पाकिस्तान, थाईलैंड को हराकर सेमीफ़ाइनल में
एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। कप्तान फ़ातिमा सना के शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन की बदौलत टीम ने एक रोमांचक क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले में…
एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। कप्तान फ़ातिमा सना के शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन की बदौलत टीम ने एक रोमांचक क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले में थाईलैंड को 3 विकेट से मात दी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, बारिश से प्रभावित यह मैच निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला गया, जिसे घटाकर 11-11 ओवर का कर दिया गया था।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए थाईलैंड ने दमदार शुरुआत की और 11 ओवर में 4 विकेट खोकर 91 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से नानापत कोंचारोएनकाई ने महज़ एक रन से अर्धशतक चूकते हुए 38 गेंदों पर 49 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके शामिल थे। उनके अलावा फन्निता माया ने 15 और कप्तान नारुएमोल चाईवाई ने तेज़ी से 10 रन बनाए।
लड़खड़ाई पाकिस्तानी पारी, फिर कप्तान ने संभाला मोर्चा
92 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम को गुल फ़िरोज़ा (16 रन) और शवाल ज़ुल्फ़िक़ार (25 रन) ने सिर्फ़ 3.5 ओवर में 36 रन जोड़कर तेज़ शुरुआत दी। लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही पाकिस्तानी बल्लेबाज़ी लड़खड़ा गई। टीम ने महज़ 11 रन के भीतर अपने 4 विकेट गँवा दिए, जिससे मैच में थाईलैंड की वापसी हो गई।
ऐसे मुश्किल समय में कप्तान फ़ातिमा सना ने गेंद के बाद बल्ले से भी कमान संभाली। उन्होंने 13 गेंदों पर 3 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 21 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और पाकिस्तान को जीत दिलाई। गेंदबाज़ी में भी उन्होंने 3 ओवर में 22 रन देकर 2 अहम विकेट चटकाए थे। थाईलैंड के लिए ओननिचा कमचोमफु ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जबकि सुनीदा चतुरोंगरत्तना को 2 सफलताएँ मिलीं।
इनपुट: IANS


