मंगलवार, 3 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
अन्य खेल

एशियाई खेल 2026: पदक विजेता भारतीय निशानेबाज़ों का घर वापसी पर हुआ ज़ोरदार स्वागत

एशियाई खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाने वाले भारतीय निशानेबाज़ों का दल शुक्रवार को जब स्वदेश लौटा, तो दिल्ली हवाई अड्डे पर उनका ढोल-नगाड़ों के साथ ज़ोरदार स्वागत किया गया। पदक विजेता…

एशियाई खेल 2026: पदक विजेता भारतीय निशानेबाज़ों का घर वापसी पर हुआ ज़ोरदार स्वागत
(फोटो: IANS)

एशियाई खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाने वाले भारतीय निशानेबाज़ों का दल शुक्रवार को जब स्वदेश लौटा, तो दिल्ली हवाई अड्डे पर उनका ढोल-नगाड़ों के साथ ज़ोरदार स्वागत किया गया। पदक विजेता एथलीटों के स्वागत के लिए उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे, जिससे माहौल बेहद भावनात्मक और गर्व से भरा हो गया।

समाचार एजेंसी IANS के साथ बातचीत में भारतीय शूटर राइजा ढिल्लों ने पूरी टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा, "हमारी पूरी शूटिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। सभी ने मेडल जीता है और यहां तक पहुंचने के लिए हम सभी ने बहुत कड़ी मेहनत की है, इसलिए हमें बहुत गर्व है।" उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और प्रायोजकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

पदकवीरों ने साझा की अपनी खुशी

पुरुष टीम और मिक्स्ड टीम स्पर्धाओं में कुल दो पदक जीतने वाले अनंतजीत सिंह नरुका ने अपनी उपलब्धि पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "दो मेडल जीतने की खुशी ही कुछ अलग होती है। पिछली बार भी जब मैं एशियन गेम्स में हिस्सा लेने गया था, तो मैंने दो मेडल जीते थे और इस बार भी मैंने दो मेडल जीते हैं।"

वहीं, एक अन्य शूटर भवतेघ सिंह गिल ने इस अनुभव को देश के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने कहा, "यह बहुत खुशी की बात है कि हम देश के लिए मेडल लेकर आ रहे हैं... कुल मिलाकर यह एक शानदार अनुभव था।"

निशानेबाज़ी में भारत का शानदार प्रदर्शन

इस बार के एशियाई खेलों में भारतीय निशानेबाज़ों ने कई पदक अपने नाम किए। शूटिंग में भारत का खाता महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा से खुला, जिसमें इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्शा विनोद की तिकड़ी ने रजत पदक जीता। इलावेनिल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी एक और रजत पदक हासिल किया।

पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में हिमांशु ढिल्लों, पार्थ माने और रुद्राक्ष पाटिल ने देश को एक और सिल्वर मेडल दिलाया। व्यक्तिगत स्पर्धा में भी दबदबा कायम रखते हुए हिमांशु ने रजत और रुद्राक्ष ने कांस्य पदक जीता। स्कीट स्पर्धाओं में भी भारत को सफलता मिली। अनंतजीत और परिनाज की जोड़ी ने स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता, जबकि पुरुष और महिला स्कीट टीमों ने भी कांस्य पदक अपने नाम किए।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →