चेक ओपन स्क्वैश: भारतीय खिलाड़ी सेंथिलकुमार ने शीर्ष वरीयता प्राप्त लोबन को हराकर जीता खिताब
भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी वेलावन सेंथिलकुमार ने एक और शानदार जीत दर्ज करते हुए चेक ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है। ब्रनो में हुए USD 35,000 के इस PSA कॉपर-लेवल टूर्नामेंट के फाइनल में उन्होंने…
भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी वेलावन सेंथिलकुमार ने एक और शानदार जीत दर्ज करते हुए चेक ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है। ब्रनो में हुए USD 35,000 के इस PSA कॉपर-लेवल टूर्नामेंट के फाइनल में उन्होंने स्कॉटलैंड के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ग्रेग लोबन को मात दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस जीत के साथ सेंथिलकुमार ने अपना 12वां PSA टूर खिताब और कॉपर लेवल पर दूसरा टाइटल हासिल किया है।
इस टूर्नामेंट में चौथी वरीयता प्राप्त सेंथिलकुमार, जो वर्तमान में विश्व में 42वें स्थान पर हैं, ने दुनिया के 31वें नंबर के खिलाड़ी लोबन के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 13-11, 11-5, 8-11, 11-7 से जीत दर्ज की। फाइनल का पहला गेम काफी करीबी रहा, जिसे भारतीय खिलाड़ी ने 13-11 से जीता। दूसरे गेम में उन्होंने 11-5 से आसान जीत हासिल की। हालांकि, लोबन ने तीसरा गेम 8-11 से जीतकर वापसी की कोशिश की, लेकिन सेंथिलकुमार ने चौथा गेम 11-7 से जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
फाइनल तक का सफर
सेंथिलकुमार के लिए खिताबी राह आसान नहीं थी। उन्होंने दूसरे राउंड में ब्राजील के डिएगो गोब्बी को हराकर शुरुआत की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना के आठवीं वरीयता प्राप्त जेरेमियास अजाना को 11-3, 11-8, 11-7 से सीधे गेमों में हराया। सेमीफाइनल में उनका प्रदर्शन और भी दमदार रहा, जहां उन्होंने फ्रांस के ऑगस्टे डूसॉर्ड को 11-7, 12-10, 11-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।
शानदार फॉर्म जारी
यह सेंथिलकुमार का इस कैटेगरी में दूसरा खिताब है। इससे पहले उन्होंने अगस्त में बुडापेस्ट ओपन जीता था। चेक ओपन की यह जीत PSA टूर पर उनकी निरंतरता को दर्शाती है। हाल ही में उन्होंने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भी दो कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। उनका यह फॉर्म लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां स्क्वैश पहली बार शामिल होगा।
इनपुट: IANS


