मंगलवार, 3 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
अन्य खेल

एशियन गेम्स: अंकुश पंघाल का पंच सेमीफाइनल में, बॉक्सिंग में भारत का पहला मेडल पक्का

एशियन गेम्स में भारतीय मुक्केबाजी के लिए रविवार का दिन शानदार रहा। कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के नेक्रूज सलीमोव को हराकर…

एशियन गेम्स: अंकुश पंघाल का पंच सेमीफाइनल में, बॉक्सिंग में भारत का पहला मेडल पक्का
(फोटो: IANS)

एशियन गेम्स में भारतीय मुक्केबाजी के लिए रविवार का दिन शानदार रहा। कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के नेक्रूज सलीमोव को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। इस जीत के साथ ही उन्होंने मौजूदा खेलों में बॉक्सिंग में भारत के लिए पहला पदक सुनिश्चित कर दिया है।

समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, निशियो जिमनैजियम में हुए इस मुकाबले में अंकुश ने शुरू से ही अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने सलीमोव को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से मात दी। भारतीय मुक्केबाज ने अपनी गति, दमदार पंच और बेहतरीन डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए पहले दो राउंड 5-0 के स्कोर से अपने नाम किए।

मुकाबले में अंकुश का दबदबा

पहले राउंड में अंकुश ने कुछ बेहतरीन राइट हुक और 1-2 पंच लगाए। दूसरे राउंड में भी उन्होंने अपने जबरदस्त लेफ्ट हुक और काउंटर पंच से सलीमोव को कोई मौका नहीं दिया। हालांकि, आखिरी राउंड में ताजिक बॉक्सर ने वापसी की पूरी कोशिश की और कुछ पंच जड़े, जिससे उन्होंने यह राउंड 4-1 से जीत लिया, लेकिन यह जीत का नतीजा बदलने के लिए नाकाफी था। अंकुश ने आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अन्य खेलों में निराशा

वहीं, दूसरी ओर कुराश और एथलेटिक्स में भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। कुराश में विशाल पुरुषों के +90 किग्रा क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के कुनाथिप ये-ऑन से 5-0 से हार गए। यश कुमार चौहान भी पुरुषों के +90 किग्रा राउंड ऑफ 16 में ताजिकिस्तान के शकरमामद मिरमामदोव से 10-0 से पराजित हुए। महिलाओं के -57 किग्रा वर्ग में संगीता बलहारा और भारती भी अपने शुरुआती मुकाबलों में हारकर बाहर हो गईं।

डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर पिछड़े

एथलेटिक्स में भारत की पदक उम्मीदों में से एक, डेकाथलॉन स्टार तेजस्विन शंकर सात इवेंट्स के बाद तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। उनके कुल 5869 पॉइंट्स हैं। वह पहले स्थान पर मौजूद चीन के चेन जिंगहुआ से 50 और दूसरे स्थान पर काबिज जापान के युमा मारुयामा से 45 अंक पीछे हैं, जबकि अभी तीन इवेंट्स बाकी हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →