एशियन जूनियर चेस: विवान विशाल ने आखिरी पलों में बाजी पलटकर जीता ओपन रैपिड खिताब
मुंबई में चल रही एशियन जूनियर रैपिड चेस चैंपियनशिप में आखिरी दिन गजब का रोमांच देखने को मिला। भारत के विवान विशाल ने अंतिम तीन राउंड में लगातार जीत दर्ज करते हुए ओपन कैटेगरी का खिताब अपने नाम कर लिया…
मुंबई में चल रही एशियन जूनियर रैपिड चेस चैंपियनशिप में आखिरी दिन गजब का रोमांच देखने को मिला। भारत के विवान विशाल ने अंतिम तीन राउंड में लगातार जीत दर्ज करते हुए ओपन कैटेगरी का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं, गर्ल्स कैटेगरी में तुर्कमेनिस्तान की शोहरादोवा लाला चैंपियन बनीं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह टूर्नामेंट मुंबई के आईटीसी मराठा शेराटन में आयोजित किया जा रहा है।
टूर्नामेंट के आखिरी दिन तक ओपन खिताब की दौड़ में कजाकिस्तान के अखिलबाय इमांगाली और भारत के माधवेंद्र प्रताप शर्मा सबसे आगे चल रहे थे, लेकिन अंतिम राउंड में मिली हार ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए 2,149 रेटिंग वाले विवान विशाल ने शानदार खेल दिखाया और 7 राउंड में 6 अंकों के साथ खिताब पर कब्जा जमा लिया। उनकी यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स (IM) जैसे मजबूत खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा।
भारत और तुर्कमेनिस्तान के बीच कांटे की टक्कर
ओपन वर्ग में भारत के ही अक्षय बोरगांवकर और अपूर्व कांबले ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5-5 अंक हासिल किए। हालांकि, बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर अक्षय को रजत पदक मिला, जबकि अपूर्व को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
गर्ल्स रैपिड चैंपियनशिप में तुर्कमेनिस्तान की शोहरादोवा लाला और भारत की प्रतीति बोरदोलोई के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहा। दोनों खिलाड़ियों ने 7 राउंड के बाद 6-6 अंकों के साथ बराबरी पर टूर्नामेंट खत्म किया। अंत में टाई-ब्रेक के जरिए विजेता का फैसला हुआ, जिसमें बाजी शोहरादोवा के हाथ लगी और उन्हें स्वर्ण पदक मिला। प्रतीति को रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि भारत की ही पृषिता गुप्ता ने कांस्य पदक जीता।
अब सभी की निगाहें क्लासिकल चैंपियनशिप पर टिकी हैं, जिसमें एशिया के बेहतरीन जूनियर शतरंज खिलाड़ी एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस चैंपियनशिप का आयोजन महाराष्ट्र चेस एसोसिएशन, ऑल इंडिया चेस फेडरेशन और एशियन चेस फेडरेशन की देखरेख में कर रहा है।
इनपुट: IANS


