एशियन पैरा गेम्स: मंजीत व्यास ने भाला फेंक में जीता सिल्वर, भारत के खाते में एक और शानदार मेडल
जापान के आइची-नागोया में चल रहे 2026 एशियन पैरा गेम्स में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को पैरा-एथलीट मंजीत व्यास ने पुरुषों की जेवलिन थ्रो (भाला फेंक) की F13 कैटेगरी में अपने…
जापान के आइची-नागोया में चल रहे 2026 एशियन पैरा गेम्स में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को पैरा-एथलीट मंजीत व्यास ने पुरुषों की जेवलिन थ्रो (भाला फेंक) की F13 कैटेगरी में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मंजीत ने 61.03 मीटर का थ्रो कर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाया और भारत की झोली में एक और मेडल डाला।
मंजीत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एशियाई पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो एफ12/एफ13 में सिल्वर मेडल जीतने पर मंजीत को बधाई।" मंजीत ने यह कारनामा कंबाइंड F12/13 इवेंट में हिस्सा लेते हुए अपनी दूसरी कोशिश में कर दिखाया।
साल 2026 में मंजीत का दमदार प्रदर्शन
यह रजत पदक मंजीत के इस साल के शानदार फॉर्म को दर्शाता है। इससे पहले उन्होंने दिल्ली में हुए वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री और बेंगलुरु में आयोजित इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में F13 जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीता था। साथ ही, उन्होंने एशियन पैरा गेम्स के क्वालिफायर में भी 59.08 मीटर के थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया था।
जेवलिन में भारतीय एथलीटों का दबदबा
मंजीत के अलावा अन्य भारतीय भाला फेंक एथलीटों ने भी इन खेलों में अपनी छाप छोड़ी है। इससे पहले, प्रदीप कुमार और आयुष वर्मा ने पुरुषों की जेवलिन थ्रो F53 कैटेगरी में क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते थे। F54 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए प्रदीप ने अपनी आखिरी कोशिश में 27.45 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। यह एशियन पैरा गेम्स में उनका दूसरा रजत पदक है।
वहीं, आयुष वर्मा ने 17.88 मीटर का अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर कांस्य पदक हासिल किया। इससे भी पहले सोमवार को, रिंकू हुड्डा और अजीत सिंह ने पुरुषों की जेवलिन थ्रो F46 इवेंट में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई थी। रिंकू ने 65.11 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड जीता, जबकि अजीत 65.02 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
इनपुट: IANS


