ऑस्ट्रेलियाई धरती पर 23 साल बाद वापसी, बांग्लादेश के कप्तान शांतो बोले- हम 20 विकेट लेने में सक्षम हैं
बांग्लादेश क्रिकेट टीम 23 साल के लंबे अंतराल के बाद टेस्ट सीरीज़ के लिए ऑस्ट्रेलियाई ज़मीन पर कदम रखने जा रही है। इस अहम दौरे से पहले कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने अपनी टीम की क्षमताओं पर पूरा भरोसा…
बांग्लादेश क्रिकेट टीम 23 साल के लंबे अंतराल के बाद टेस्ट सीरीज़ के लिए ऑस्ट्रेलियाई ज़मीन पर कदम रखने जा रही है। इस अहम दौरे से पहले कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने अपनी टीम की क्षमताओं पर पूरा भरोसा जताया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शांतो का मानना है कि उनके गेंदबाज़ ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में 20 विकेट चटकाने में पूरी तरह सक्षम हैं और मेज़बान टीम को कड़ी टक्कर दे सकते हैं।
कप्तान ने कहा, "मुझे ऑस्ट्रेलिया जाने वाली टीम पर पूरा भरोसा है। हम अच्छा क्रिकेट खेल सकते हैं।" चोटिल खिलाड़ियों की अनुपस्थिति पर उन्होंने कहा, "इंजरी की वजह से बाहर हुए खिलाड़ियों के बारे में सोचने से कोई फायदा नहीं होने वाला। यह खेल का हिस्सा है।"
गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी पर कप्तान का भरोसा
शांतो ने अपनी गेंदबाज़ी इकाई की गहराई पर ज़ोर देते हुए कहा, "मुझे लगता है कि हमारे पास ऑस्ट्रेलियाई हालात में 20 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। हमारे पास दो अनुभवी स्पिनर हैं जो तेज गेंदबाजों का साथ दे सकते हैं। हमारा तेज गेंदबाजी आक्रमण भी सक्षम है।" उन्होंने इस दौरे को सम्मान हासिल करने का एक बड़ा मौका बताया। शांतो के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया का अपनी सबसे मजबूत टीम उतारना इस बात का संकेत है कि वे बांग्लादेश को हल्के में नहीं ले रहे हैं।
कप्तान ने बल्लेबाज़ों के लिए इसे एक सुनहरा अवसर माना। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि इस सीरीज में हमारे बल्लेबाजों के पास अच्छी गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का शानदार मौका है... हमें ऐसा गेंदबाजी आक्रमण सिर्फ टीवी पर ही देखने को मिलता है, इसलिए मैं उनका सामना करने के लिए सच में उत्साहित हूं।"
ओपनिंग जोड़ी की चुनौती
टीम की सलामी बल्लेबाज़ी की निरंतरता पर भी शांतो ने बात की। उन्होंने माना कि यह एक मुश्किल पोज़ीशन है, जहाँ बल्लेबाज़ों को नमी वाले हालात और दिन के आखिरी ओवरों जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा, "अगर हम इस एरिया में सुधार करते हैं, तो एक टेस्ट टीम के तौर पर एक कदम आगे बढ़ सकते हैं।"
दौरे का कार्यक्रम
बांग्लादेश की टीम शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगी। दौरे की शुरुआत क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ एक तीन दिवसीय अभ्यास मैच से होगी। इसके बाद पहला टेस्ट 13 अगस्त से डार्विन में और दूसरा टेस्ट 22 अगस्त से मकाय में खेला जाएगा।
इनपुट: IANS


