टाइगर श्रॉफ के बाद अब आयुष्मान खुराना को धमकी, लॉरेंस गैंग के नाम पर मांगे गए करोड़ों रुपये
बॉलीवुड में सितारों को धमकी मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब अभिनेता आयुष्मान खुराना को एक धमकी भरा ऑडियो क्लिप मिलने की खबर सामने आई है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य होने का दावा करते हुए…
बॉलीवुड में सितारों को धमकी मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब अभिनेता आयुष्मान खुराना को एक धमकी भरा ऑडियो क्लिप मिलने की खबर सामने आई है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य होने का दावा करते हुए उनसे करोड़ों रुपये की मांग की गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह घटनाक्रम अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद सामने आया है, जिसके बाद से फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। आयुष्मान को भेजे गए ऑडियो क्लिप में एक व्यक्ति कथित तौर पर खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बता रहा है। पुलिस इस दावे की पुष्टि करने में जुटी है और इसके लिए आरोपी के पुराने ऑडियो सैंपल से नई क्लिप का मिलान किया जा रहा है।
धमकियों की बढ़ती घटनाएं
आयुष्मान खुराना से पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर नाम के एक व्यक्ति ने उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। तुषार ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी थी, जो उस मामले की भी जांच कर रही है।
टाइगर श्रॉफ पर हमले की जांच का दायरा बढ़ा
दरअसल, बॉलीवुड में धमकी और वसूली के मामले 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद ज्यादा सुर्खियों में आए। फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर की कार पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। इस घटना में अभिनेता तो सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हो गए थे। बाद में यह मामला मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया।
इस जांच में एक बड़े संगठित अपराध नेटवर्क की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने 27 अक्टूबर को आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) भी लगा दिया। 2 नवंबर तक इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या 13 हो चुकी थी। जांच में यह भी पता चला था कि टाइगर को निशाना बनाने से पहले सलमान खान, आमिर खान, अक्षय कुमार और अमिताभ बच्चन जैसे कई अन्य बड़े अभिनेताओं की भी रेकी की गई थी।
इनपुट: IANS


