BBL में बेन स्टोक्स की नई भूमिका? एडिलेड स्ट्राइकर्स के कोच ने ओपनिंग का दिया संकेत
इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स अगले बिग बैश लीग (BBL) सीजन में एडिलेड स्ट्राइकर्स की जर्सी में नजर आएंगे। टीम के कोच और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान टिम पेन ने न सिर्फ इस बड़े करार की पुष्टि…
इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स अगले बिग बैश लीग (BBL) सीजन में एडिलेड स्ट्राइकर्स की जर्सी में नजर आएंगे। टीम के कोच और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान टिम पेन ने न सिर्फ इस बड़े करार की पुष्टि की है, बल्कि यह भी संकेत दिया है कि स्टोक्स टीम के लिए पारी की शुरुआत भी कर सकते हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पेन का मानना है कि स्टोक्स जैसे विश्व स्तरीय खिलाड़ी का टीम में होना सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका प्रभाव इससे कहीं ज्यादा गहरा है।
मंगलवार को इस करार की घोषणा के बाद टिम पेन ने पत्रकारों से बातचीत में स्टोक्स को साइन करने के पीछे की रणनीति साझा की। उन्होंने कहा, "हमने स्टोक्स को एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में पहचाना जो मैदान पर अपने प्रदर्शन से कहीं ज़्यादा टीम पर असर डाल सकता है। वह कई चीजों में माहिर है। मुझे लगता है कि स्टोक्स के साथ कुछ ऐसी बातें भी हैं जो समझ से बाहर हैं। उनकी मौजूदगी और नेतृत्व क्षमता और फैंस से जुड़ाव बेहद अलग है।"
टीम में स्टोक्स की बहुमुखी भूमिका
पेन ने बताया कि स्टोक्स टीम को जबरदस्त लचीलापन प्रदान करते हैं और ऑस्ट्रेलिया की तेज व उछाल वाली पिचें उन्हें खूब रास आएंगी। उन्होंने ओपनिंग की संभावना पर कहा, "वह पारी की शुरुआत लिए भी बिल्कुल उपयुक्त हैं। वह 360 (डिग्री) पर खेल सकते हैं। उनमें पावर और क्लास है। बैट के साथ उसका स्किल लेवल और स्पिन का उसका खेल, वह बस एक हरफनमौला, वर्ल्ड-क्लास बल्लेबाज हैं।"
कोच को उम्मीद है कि स्टोक्स बल्ले के अलावा गेंद और फील्डिंग से भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उनकी गेंदबाजी पर पेन ने कहा, "गेंद के साथ वह लोगों को चौंका सकते हैं... वह लोगों की सोच से थोड़ा तेज़ है। उनके पास बहुत अच्छा स्किल है। वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग कर सकते है।"
BBL पर पड़ेगा स्टोक्स का असर
टिम पेन का मानना है कि सिर्फ स्टोक्स के नाम की घोषणा ने ही बिग बैश पर काफी रोशनी डाली है। उन्होंने कहा, "वह ऐसा खिलाड़ी है जिसने हमेशा अपनी पर्सनैलिटी और गेम खेलने के तरीके की वजह से ध्यान खींचा है।" स्टोक्स नए डायरेक्ट-साइनिंग सिस्टम के तहत BBL में शामिल हो रहे हैं, जिसने ओवरसीज प्लेयर ड्राफ्ट की जगह ली है। अपने टी20 करियर में स्टोक्स ने 162 मैचों में 3,027 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं, और 93 विकेट भी लिए हैं।
इनपुट: IANS


