भारत-इंग्लैंड पहला वनडे: एजबेस्टन में ब्रूक ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, टीम इंडिया में बड़े नामों की वापसी
T20 सीरीज में करारी हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में नई शुरुआत करने उतरी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एजबेस्टन में खेले जा रहे पहले मुकाबले में…
T20 सीरीज में करारी हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में नई शुरुआत करने उतरी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एजबेस्टन में खेले जा रहे पहले मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस सीरीज में विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल जैसे सीनियर खिलाड़ियों की वापसी से भारतीय टीम काफी मजबूत नजर आ रही है।
टॉस के समय इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। पिच अच्छी लग रही है, पता नहीं आगे क्या होगा, लेकिन हमें उम्मीद है कि हम अच्छा खेलेंगे।" उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दूसरी पारी में स्पिनरों को मदद मिल सकती है। ब्रूक ने अपनी टीम के आत्मविश्वास पर जोर देते हुए कहा, "T20 और वनडे में एक जैसे खिलाड़ी होने से कप्तान और खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। पिछले कुछ सालों में हमें मुश्किलों का सामना करना पड़ा है, लेकिन हम नई शुरुआत कर सकते हैं और हमारे पास ऐसी टीम है जो ऐसा कर सकती है।" इंग्लैंड ने अपनी टीम में दो स्पिनर और तीन तेज गेंदबाजों को शामिल किया है।
टीम संयोजन और कप्तानों की रणनीति
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि वे भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। उन्होंने टीम की तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा, "ज्यादातर खिलाड़ियों ने T20 खेले हैं, बाकी खिलाड़ियों ने अच्छी ट्रेनिंग की है और आज के मैच के लिए तैयार हैं।" गिल के मुताबिक, यह सीरीज भविष्य की तैयारियों के लिए बेहद अहम है। उन्होंने कहा, "यह हमारे लिए एक अहम सीरीज है, यहीं से हमारी तैयारी शुरू होती है—हम अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमा सकते हैं और कम अनुभव वाले खिलाड़ियों को मौका दे सकते हैं।" भारत ने प्लेइंग इलेवन में शिवम दुबे सहित चार तेज गेंदबाजों और वॉशिंगटन सुंदर व अक्षर पटेल के रूप में दो स्पिनरों को जगह दी है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रित बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल रशीद।
इनपुट: IANS


