टीम इंडिया में बड़ा फेरबदल? असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट छोड़ सकते हैं अपना पद
भारतीय क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में एक अहम बदलाव देखने को मिल सकता है। टीम के असिस्टेंट कोच और नीदरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर रयान टेन डोशेट ने निजी कारणों से अपना पद छोड़ने की इच्छा जताई है। समाचार…
भारतीय क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में एक अहम बदलाव देखने को मिल सकता है। टीम के असिस्टेंट कोच और नीदरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर रयान टेन डोशेट ने निजी कारणों से अपना पद छोड़ने की इच्छा जताई है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, डोशेट ने इस बारे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सूचित कर दिया है, लेकिन इस पर अंतिम निर्णय मुख्य कोच गौतम गंभीर लेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड दौरे के बाद टेन डोशेट टीम से अलग हो सकते हैं। इसका मतलब है कि 19 जुलाई को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला तीसरा वनडे मैच उनका आखिरी असाइनमेंट हो सकता है।
पारिवारिक वजहों से लिया फैसला
सूत्रों का कहना है कि डोशेट के इस फैसले के पीछे टीम का हालिया प्रदर्शन वजह नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से निजी है। उनके तीन बेटे अभी छोटे हैं और उनकी पत्नी भी नौकरी करती हैं। डोशेट लंदन में अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहते हैं। टीम इंडिया के साथ लगातार यात्रा करने के चलते वह ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। माना जा रहा है कि वह भविष्य में ऐसी भूमिका की तलाश में हैं, जिसमें यात्रा कम करनी पड़े।
गौतम गंभीर की सिफारिश पर हुए थे शामिल
रयान टेन डोशेट लगभग दो साल पहले गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद भारतीय कोचिंग सेटअप से जुड़े थे। 'क्रिकबज' की रिपोर्ट में बताया गया है कि गंभीर ने ही BCCI से उनकी सिफारिश की थी और दोनों के बीच करीबी पेशेवर संबंध हैं। हालांकि, टीम में उनकी भूमिका पूरी तरह स्पष्ट नहीं रही। उनकी मुख्य विशेषज्ञता फील्डिंग है, लेकिन टी. दिलीप के पहले से ही फील्डिंग कोच होने के कारण इस क्षेत्र में उनका योगदान सीमित था।
यह भी समझा जाता है कि BCCI के साथ टेन डोशेट का शुरुआती अनुबंध हाल ही में, लगभग 12 से 14 जुलाई के बीच, समाप्त हो गया है। अब सभी की निगाहें मुख्य कोच गौतम गंभीर के फैसले पर टिकी हैं।
इनपुट: IANS


