BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026: 17 साल बाद भारत में वापसी, नई दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के टॉप शटलर
बैडमिंटन की दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट, बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप, 17 साल के लंबे अंतराल के बाद भारत लौट रहा है। 2026 में इस टूर्नामेंट का 30वां संस्करण नई दिल्ली के इंदिरा गांधी एरीना…
बैडमिंटन की दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट, बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप, 17 साल के लंबे अंतराल के बाद भारत लौट रहा है। 2026 में इस टूर्नामेंट का 30वां संस्करण नई दिल्ली के इंदिरा गांधी एरीना में आयोजित किया जाएगा, जहाँ दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ी खिताब के लिए भिड़ेंगे।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह चैंपियनशिप 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक चलेगी। इसमें पुरुष सिंगल्स, महिला सिंगल्स, पुरुष डबल्स, महिला डबल्स और मिक्स्ड डबल्स समेत कुल पाँच श्रेणियों में मुकाबले खेले जाएँगे। टूर्नामेंट की शुरुआत शुरुआती राउंड से होगी, जिसके बाद नॉकआउट दौर शुरू होगा।
टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल
प्रतियोगिता का कार्यक्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है:
- 17-18 अगस्त: सिंगल्स में राउंड ऑफ 64 और डबल्स में राउंड ऑफ 48 के शुरुआती मैच।
- 19 अगस्त: सभी पाँच श्रेणियों में राउंड ऑफ 32 के मुकाबले।
- 20 अगस्त: सभी श्रेणियों में प्री-क्वार्टरफाइनल (राउंड ऑफ 16) मैच।
- 21 अगस्त: सभी पाँच इवेंट्स में क्वार्टर-फाइनल की टक्कर।
- 22 अगस्त: सेमीफाइनल मुकाबले।
- 23 अगस्त: सभी पाँच श्रेणियों के खिताबी मुकाबले (फाइनल)।
भारतीय चुनौती किन कंधों पर?
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत की उम्मीदें कई जाने-माने और उभरते हुए खिलाड़ियों पर टिकी होंगी। मेंस सिंगल्स में लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी कोर्ट पर उतरेंगे, तो वहीं विमेंस सिंगल्स में पीवी सिंधु और उन्नति हुड्डा चुनौती पेश करेंगी।
डबल्स मुकाबलों में भी भारत की मजबूत दावेदारी रहेगी। मेंस डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की शीर्ष जोड़ी के साथ हरिहरन अमसाकरुणन और एमआर अर्जुन भी शामिल होंगे। विमेंस डबल्स में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद पुलेला की जोड़ी के अलावा कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी भी अपनी दावेदारी पेश करेंगी। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला-तनीषा क्रास्टो और रोहन कपूर-रुत्विका शिवानी गद्दे की जोड़ियाँ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इनपुट: IANS


