कनाडियन ओपन 2026: इगा स्वियातेक ने जीता सीज़न का पहला खिताब, फाइनल में रायबाकिना को दी मात
लंबे समय से खिताब का इंतजार कर रहीं पोलैंड की टेनिस स्टार इगा स्वियातेक ने आखिरकार कनाडियन ओपन 2026 जीतकर सूखे को खत्म कर दिया है। टोरंटो में हुए महिला एकल के फाइनल मुकाबले में उन्होंने दुनिया की…
लंबे समय से खिताब का इंतजार कर रहीं पोलैंड की टेनिस स्टार इगा स्वियातेक ने आखिरकार कनाडियन ओपन 2026 जीतकर सूखे को खत्म कर दिया है। टोरंटो में हुए महिला एकल के फाइनल मुकाबले में उन्होंने दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी कजाकिस्तान की एलेना रायबाकिना को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह स्वियातेक का इस सीजन का पहला और पिछले साल सितंबर के बाद पहला खिताब है, जो यूएस ओपन से पहले उनके आत्मविश्वास को काफी बढ़ाएगा।
मैच के दौरान रायबाकिना अपनी गलतियों के कारण लय हासिल नहीं कर सकीं। सातवीं वरीयता प्राप्त स्वियातेक ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। पहले सेट में रायबाकिना के लगातार दो डबल फॉल्ट ने स्वियातेक को महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी, जिसे उन्होंने आसानी से सेट जीतने में बदल दिया। दूसरे सेट में भी रायबाकिना की गलतियों का सिलसिला जारी रहा और दो मिस हुए बैकहैंड ने स्वियातेक को एक और ब्रेक का मौका दे दिया।
जीत के बाद आलोचकों को दिया जवाब
लगातार खिताब न जीत पाने के कारण स्वियातेक पिछले कुछ समय से आलोचना का सामना कर रही थीं। जीत के बाद उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा, "यह खिताब मेरे लिए बहुत मायने रखता है क्योंकि पिछले कुछ महीने बिल्कुल भी आसान नहीं रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि मैंने आगे बढ़ने, अपने गेम को थोड़ा बदलने, इंटरनेट और ऑनलाइन पर ऑडियंस की मेरे बारे में हर समय बनी राय के बावजूद बेहतर होने पर फोकस किया है। इन सब से डील करना आसान नहीं है।" स्वियातेक ने अपनी टीम का शुक्रिया अदा करते हुए यह जीत उन सभी लोगों को समर्पित की, जिन्हें गलत तरीके से जज किया जाता है या नफरत का सामना करना पड़ता है।
इनपुट: IANS


