कैनेडियन ओपन: 19 साल के जोआओ फोनसेका का बड़ा उलटफेर, कैस्पर रूड को हराकर अंतिम-16 में पहुँचे
कनाडा के मॉन्ट्रियल में चल रहे कैनेडियन ओपन में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। ब्राजील के 19 वर्षीय खिलाड़ी जोआओ फोनसेका ने पूर्व वर्ल्ड नंबर 2 कैस्पर रूड को सीधे सेटों में 7-6(6), 6-3 से हराकर…
कनाडा के मॉन्ट्रियल में चल रहे कैनेडियन ओपन में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। ब्राजील के 19 वर्षीय खिलाड़ी जोआओ फोनसेका ने पूर्व वर्ल्ड नंबर 2 कैस्पर रूड को सीधे सेटों में 7-6(6), 6-3 से हराकर टूर्नामेंट के अंतिम-16 में अपनी जगह पक्की कर ली है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह तीसरी बार है जब फोनसेका किसी एटीपी मास्टर्स 1000 इवेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुँचे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि दो महीने पहले रोलैंड गैरोस (फ्रेंच ओपन) में भी फोनसेका ने रूड को हराया था। उस जीत ने उन्हें पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल में पहुँचाया था। इस ताजा जीत के साथ, उन्होंने रूड के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 2-0 कर लिया है।
मैच में शानदार वापसी
शुरुआत में फोनसेका दबाव में दिखे और अपने शुरुआती तीन सर्विस गेम में सात ब्रेक प्वाइंट का सामना किया। एक समय वह पहले सेट में 2-4 से पीछे भी हो गए थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने अपनी रणनीति में बदलाव किया और जबरदस्त वापसी करते हुए सेट को टाई-ब्रेक में ले गए। टाई-ब्रेक में भी 3/5 से पिछड़ने के बाद, उन्होंने शानदार खेल दिखाया और सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में उन्होंने रूड को कोई मौका नहीं दिया और आसानी से मुकाबला जीत लिया।
एटीपी ने फोनसेका के हवाले से कहा, "ये ऐसे मैच हैं जिन पर आपको सबसे ज्यादा गर्व होता है, क्योंकि आप समस्या को हल करने का तरीका ढूंढ लेते हैं।"
अब मौजूदा चैंपियन से मुकाबला
अंतिम-16 में फोनसेका का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त और मौजूदा चैंपियन अमेरिका के बेन शेल्टन से होगा। शेल्टन ने बेल्जियम के जिजू बर्ग्ज को 6-3, 6-2 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया है। यह मुकाबला म्यूनिख क्वार्टर फाइनल का रीमैच होगा, जहाँ इस सीजन की शुरुआत में शेल्टन ने जीत हासिल की थी। इस टूर्नामेंट में अब तक फोनसेका और शेल्टन, दोनों ने ही अपने किसी भी मैच में एक भी सेट नहीं गंवाया है।
एटीपी टूर वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, फोनसेका के अलावा एक और 19 वर्षीय खिलाड़ी राफेल जोडर भी अंतिम-16 में पहुँचे हैं। 2018 के बाद यह पहली बार है जब दो किशोर खिलाड़ियों ने इस इवेंट के चौथे राउंड में एक साथ जगह बनाई है।
इनपुट: IANS


