शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
बॉलीवुड

फ्लाईदुबई विमान हादसा टालने वाले कैप्टन स्मित मच्छार की बॉलीवुड ने की तारीफ, बताया 'असली हीरो'

फ्लाईदुबई के एक विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को हर तरफ से सलाम किया जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मनोरंजन जगत के सितारों ने भी…

फ्लाईदुबई विमान हादसा टालने वाले कैप्टन स्मित मच्छार की बॉलीवुड ने की तारीफ, बताया 'असली हीरो'
(फोटो: IANS)

फ्लाईदुबई के एक विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को हर तरफ से सलाम किया जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मनोरंजन जगत के सितारों ने भी सोशल मीडिया पर कैप्टन के साहस और सूझबूझ की जमकर तारीफ की है।

वरिष्ठ अभिनेता जैकी श्रॉफ ने कैप्टन स्मित को उन नायकों में से एक बताया जो चुपचाप अपना काम करते हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, "कैप्टन स्मित मच्छार और सभी बहादुर लोगों को मेरी तरफ से सम्मान, जिन्होंने लोगों की जान बचाई और एक बड़ा हादसा होने से रोका।" वहीं, दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर ने भी पायलट की हिम्मत को सलाम करते हुए कहा कि वे एक बड़े सम्मान के हकदार हैं।

सितारों ने सोशल मीडिया पर जताया सम्मान

कई अन्य बॉलीवुड हस्तियों ने भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। शिल्पा शेट्टी ने प्रभावित लोगों के लिए दुआ करते हुए लिखा, "कैप्टन स्मित मच्छार के लिए दिल से सम्मान, जिन्होंने 170 से ज्यादा लोगों की जान बचाई।" अभिनेता वरुण धवन ने कैप्टन को प्रेरणा बताते हुए उनकी तस्वीर पोस्ट की और लिखा, "आपकी हिम्मत और बहादुरी ने हम सभी को गर्व महसूस करवाया है। जय हिंद।"

भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने कैप्टन की तारीफ में एक लंबा पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा, "हिम्मत सिर्फ एक शब्द नहीं है बल्कि, यह मुश्किल समय में लिया गया सही फैसला है।" अक्षरा ने आगे कहा कि घायल होने के बावजूद सैकड़ों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका पूरे देश के लिए गर्व की बात है।

इनके अलावा अभिनेता आर. माधवन, परेश रावल, सोनम कपूर, कंगना रनौत और विजय देवरकोंडा जैसी हस्तियों ने भी सोशल मीडिया के जरिए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहसिक कार्य की सराहना की है।

इनपुट: IANS

N

News4Social एंटरटेनमेंट डेस्क

News4Social एंटरटेनमेंट डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से सिनेमा और मनोरंजन से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →