डोपिंग बैन के बाद वापसी को तैयार क्रिस लिन, BBL में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेलेंगे
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक टी20 बल्लेबाज़ क्रिस लिन पर लगा एक महीने का निलंबन अब समाप्त हो गया है, जिससे उनके बिग बैश लीग (BBL) के आगामी सीज़न में खेलने का रास्ता साफ हो गया है। इंग्लैंड के क्रिकेट…
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक टी20 बल्लेबाज़ क्रिस लिन पर लगा एक महीने का निलंबन अब समाप्त हो गया है, जिससे उनके बिग बैश लीग (BBL) के आगामी सीज़न में खेलने का रास्ता साफ हो गया है। इंग्लैंड के क्रिकेट रेगुलेटर ने पुष्टि की है कि 36 वर्षीय लिन पर यह प्रतिबंध कोकीन के सेवन के चलते लगाया गया था। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह मामला इसी साल इंग्लैंड में हुए टी20 ब्लास्ट टूर्नामेंट के दौरान का है।
18 जुलाई को टी20 ब्लास्ट फाइनल्स डे के दिन लिन का रूटीन एंटी-डोपिंग टेस्ट हुआ था, जिसमें उनका सैंपल पॉजिटिव पाया गया। उस समय वह नॉर्थम्पटनशायर स्टीलबैक्स टीम का हिस्सा थे। जांच में उनके सैंपल में कोकीन के मेटाबोलाइट, बेंजॉयलेगोनिन, का निम्न स्तर पाया गया था। लिन ने आरोप स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन पर प्रतिबंध लगाया गया।
प्रतिबंध में क्यों मिली रियायत?
क्रिकेट रेगुलेटर के बयान के मुताबिक, जांच में यह माना गया कि प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन प्रतिस्पर्धा से बाहर किया गया था और इसका मकसद खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाना नहीं था। इसी आधार पर सामान्य तीन महीने के प्रतिबंध को घटाकर एक महीने कर दिया गया। लिन ने इस दौरान नशे की लत से जुड़ा एक रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम भी पूरा किया है।
बिग बैश लीग के इतिहास में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में शुमार लिन अब अगले महीने शुरू हो रहे BBL के नए सीज़न में मेलबर्न रेनेगेड्स की टीम से जुड़ने को तैयार हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 4 वनडे और 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
इनपुट: IANS


