भारत-न्यूजीलैंड दूसरा वनडे: वेलिंगटन में भी बारिश बन सकती है विलेन, अभ्यास सत्र रद्द
ऑकलैंड में बारिश से बाधित पहले वनडे के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में होने वाले दूसरे मुकाबले पर भी मौसम का साया मंडरा रहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शनिवार को होने वाले इस मैच…
ऑकलैंड में बारिश से बाधित पहले वनडे के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में होने वाले दूसरे मुकाबले पर भी मौसम का साया मंडरा रहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शनिवार को होने वाले इस मैच के दौरान बारिश की प्रबल आशंका है, जिसके चलते शुक्रवार को दोनों टीमों के अभ्यास कार्यक्रम में फेरबदल करना पड़ा।
बारिश के कारण भारतीय टीम ने अपना अभ्यास सत्र रद्द करने का फैसला किया, जबकि न्यूजीलैंड की टीम ने वेलिंगटन कॉलेज के इनडोर नेट्स में अभ्यास किया। असल में, दोनों टीमों को मैच के वेन्यू हेनरी स्टेडियम की जगह बेसिन रिजर्व में ट्रेनिंग करनी थी, लेकिन खराब मौसम ने योजनाओं पर पानी फेर दिया।
कैसा रहेगा वेलिंगटन का मौसम?
स्थानीय मौसम विभाग का पूर्वानुमान क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर नहीं ला रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को दिन के पहले हिस्से में बारिश की 60% और दूसरे हिस्से में 55% संभावना है। अगर यह पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो मैच का नतीजा भी पहले वनडे की तरह प्रभावित हो सकता है।
पहले वनडे में क्या हुआ था?
बुधवार को ऑकलैंड में खेले गए सीरीज के पहले मैच में भी बारिश ने कई बार खलल डाला था, जिसके बाद डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम से फैसला हुआ। न्यूजीलैंड की टीम 40.2 ओवर में 185 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में भारतीय पारी के दौरान दो बार खेल रुका। इसके बाद भारत को 32 ओवर में 143 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने विराट कोहली की 51 गेंदों पर 74 रन की शानदार पारी की बदौलत 22.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। उस मैच में तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को 10 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लेने के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था।
इस सीरीज का तीसरा मैच 10 नवंबर को हैमिल्टन में, जबकि चौथा और पांचवां वनडे 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेला जाएगा।
इनपुट: IANS


