शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
क्रिकेट

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा दांव, माइकल हसी को सौंपी गई T20 वर्ल्ड कप और ओलंपिक की अहम ज़िम्मेदारी

ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज़ों में शुमार माइकल हसी को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक अहम भूमिका सौंपी है। 'मिस्टर क्रिकेट' के नाम से मशहूर हसी अब ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ बतौर कोचिंग कंसल्टेंट जुड़ गए…

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा दांव, माइकल हसी को सौंपी गई T20 वर्ल्ड कप और ओलंपिक की अहम ज़िम्मेदारी
(फोटो: IANS)

ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज़ों में शुमार माइकल हसी को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक अहम भूमिका सौंपी है। 'मिस्टर क्रिकेट' के नाम से मशहूर हसी अब ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ बतौर कोचिंग कंसल्टेंट जुड़ गए हैं, जहाँ उनका मुख्य ध्यान टी20 फॉर्मेट पर रहेगा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी नियुक्ति का लक्ष्य 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक और ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड की मेज़बानी में होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारी को मज़बूत करना है।

51 वर्षीय हसी का कार्यकाल इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज से शुरू होगा। इसके बाद वह पर्थ में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारियों में भी टीम की मदद करेंगे। हालांकि, हसी पहले भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ समय-समय पर जुड़ते रहे हैं, लेकिन कमेंट्री और अन्य कोचिंग प्रतिबद्धताओं के कारण वह लंबी भूमिका नहीं निभा पा रहे थे। वह आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और 'द हंड्रेड' में वेल्श फायर की कोचिंग टीम का हिस्सा हैं।

T20 में हसी का अनुभव बनेगा ताकत

माइकल हसी का अनुभव टी20 क्रिकेट में बेहद अहम माना जा रहा है। वह 2022 में टी20 विश्व कप जीतने वाली इंग्लैंड की कोचिंग टीम का भी हिस्सा थे। ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने उनके जुड़ाव का स्वागत करते हुए कहा, "माइक पहले भी हमारे स्टाफ का एक बहुत अहम हिस्सा रहे हैं और उनके पास काफी स्किल सेट है जो कोच और खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद है।" ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीमों के प्रमुख बेन ओलिवर ने भी कहा कि टीम 2028 ओलंपिक और टी20 विश्व कप की तैयारी में हसी के अनुभव का लाभ उठाने के लिए उत्सुक है।

नई भूमिका पर क्या बोले माइकल हसी?

इस नई ज़िम्मेदारी को लेकर माइकल हसी काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "मैं आने वाले वर्षों में टीम के लिए ज्यादा आधिकारिक और अर्थपूर्ण रोल निभाने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। इस टीम ने पिछले कुछ समय में बहुत कुछ हासिल किया है। मुझे उम्मीद है कि मैं इस रोमांचक और चुनौतीपूर्ण समय से पहले कोचिंग और प्लेइंग ग्रुप्स का मूल्य बढ़ा पाऊंगा।" रिपोर्ट के अनुसार, हसी ने इससे पहले न्यूजीलैंड टेस्ट टीम के हेड कोच बने स्टीफन फ्लेमिंग के साथ जुड़ने का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया था।

एक शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर

माइकल हसी ने 2004 से 2013 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए एक शानदार करियर जिया। उन्होंने 79 टेस्ट मैचों में 19 शतकों के साथ 6,235 रन, 185 वनडे में 5,442 रन और 38 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 721 रन बनाए। 2013 में संन्यास लेने के बाद से वह कोचिंग में सक्रिय हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क

News4Social स्पोर्ट्स डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से खेल जगत से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →