सिनसिनाटी ओपन: आर्थर फिल्स ने रचा इतिहास, 32 साल बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले फ्रांसीसी बने
फ्रांस के 22 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी आर्थर फिल्स ने सिनसिनाटी ओपन में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस जीत के साथ ही उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है…
फ्रांस के 22 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी आर्थर फिल्स ने सिनसिनाटी ओपन में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस जीत के साथ ही उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्स 1991 में गाइ फॉरगेट के बाद एक ही सीज़न में तीन मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुँचने वाले पहले फ्रांसीसी खिलाड़ी बन गए हैं।
शुक्रवार को हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फिल्स ने अर्जेंटीना के थियागो अगस्टिन टिरेंटे को सीधे सेटों में मात दी। महज 64 मिनट तक चले इस मैच में उन्होंने टिरेंटे को 6-3, 6-2 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। इस पूरे मैच में फिल्स का दबदबा कायम रहा और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को एक बार भी ब्रेक पॉइंट का मौका नहीं दिया।
शानदार फॉर्म और अगला मुकाबला
चोट के कारण आठ महीने तक कोर्ट से दूर रहने के बाद फरवरी में वापसी करने वाले फिल्स इस सीज़न बेहतरीन फॉर्म में हैं। उनका टूर-लेवल रिकॉर्ड 30-10 का रहा है, जिसमें बार्सिलोना में जीता गया एक खिताब भी शामिल है। अब फाइनल में जगह बनाने के लिए उनका सामना इटली के फ्लेवियो कोबोली से होगा। यह दोनों ही खिलाड़ियों के लिए अपने करियर के पहले मास्टर्स 1000 फाइनल में पहुंचने का मौका होगा।
कोबोली ने भी दिखाया दम
दूसरी ओर, फ्लेवियो कोबोली ने घरेलू दावेदार टॉमी पॉल को हराकर अपने पहले मास्टर्स 1000 सेमीफाइनल में जगह बनाई है। 24 वर्षीय कोबोली ने यह मुकाबला 2-6, 6-3, 6-4 से अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही सोमवार को जारी होने वाली ATP रैंकिंग में उनका करियर की नई ऊंचाई पर पहुंचना भी तय हो गया है।
इनपुट: IANS


