कॉमनवेल्थ फेंसिंग: भारत का शानदार प्रदर्शन, एक ही दिन में जीते 3 गोल्ड, कुल पदक 29 हुए
नाइजीरिया के लागोस में चल रही कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में भारतीय तलवारबाजों ने तीसरे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। टीम ने सीनियर व्यक्तिगत स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण, एक रजत और…
नाइजीरिया के लागोस में चल रही कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में भारतीय तलवारबाजों ने तीसरे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। टीम ने सीनियर व्यक्तिगत स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर देश की कुल पदक तालिका को 29 तक पहुँचा दिया है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस शानदार प्रदर्शन के बाद भारत के खाते में अब 8 स्वर्ण, 7 रजत और 14 कांस्य पदक हो गए हैं। भारतीय टीम चैंपियनशिप में अब तक लगातार बेहतरीन खेल दिखा रही है।
महिला और पुरुष स्पर्धाओं में स्वर्णिम सफलता
दिन की शुरुआत सीनियर महिला फॉइल कैटेगरी में भारत के दोहरे दबदबे के साथ हुई। कनागलक्ष्मी ने अपने सटीक और नियंत्रित खेल से स्वर्ण पदक पर कब्जा किया, जबकि उनकी ही टीम की साथी जॉयस अशिता ने रजत पदक हासिल किया। इन दोनों ने इंग्लैंड की जॉर्जिया ग्रीन और एमिली गुडचाइल्ड को पीछे छोड़ते हुए पोडियम पर शीर्ष दो स्थानों पर भारत का परचम लहराया।
इसके बाद सीनियर पुरुष एपि इवेंट में राजेंद्रन शांतिमोली शेरजिन ने भारत के लिए दिन का दूसरा स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के क्रूगर पीटर को मात दी।
पुरुष सेबर में भी भारत का जलवा
जीत का यह सिलसिला सीनियर पुरुष सेबर इवेंट में भी जारी रहा। यहाँ सिंह करण सिंह ने फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के शिम यूंगी को हराकर भारत के लिए दिन का तीसरा स्वर्ण पदक सुनिश्चित किया। इसी स्पर्धा में भारत के कुमारेशन पद्मा गिशो निधि ने नाइजीरिया के अकिन्योसोये ओलुवाफोलायेमी के साथ कांस्य पदक साझा कर भारत की पदक संख्या में और इजाफा किया। शुरुआती तीन दिनों में जीते 29 पदकों के साथ भारतीय टीम अब फॉइल, एपि और सेबर इवेंट्स के फाइनल मुकाबलों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
इनपुट: IANS


