राष्ट्रमंडल खेल 2026: ग्लासगो के 4 ऐतिहासिक स्टेडियम इन 10 खेलों की करेंगे मेज़बानी, जानें पूरी डिटेल
स्कॉटलैंड का शहर ग्लासगो एक बार फिर राष्ट्रमंडल खेलों की मेज़बानी के लिए तैयार है। यह दूसरी बार है जब यह शहर इन प्रतिष्ठित खेलों का आयोजन कर रहा है; इससे पहले 2014 में भी ग्लासगो सफल आयोजन कर चुका है…
स्कॉटलैंड का शहर ग्लासगो एक बार फिर राष्ट्रमंडल खेलों की मेज़बानी के लिए तैयार है। यह दूसरी बार है जब यह शहर इन प्रतिष्ठित खेलों का आयोजन कर रहा है; इससे पहले 2014 में भी ग्लासगो सफल आयोजन कर चुका है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार 23 जुलाई से 2 अगस्त 2026 के बीच होने वाले खेलों का स्वरूप थोड़ा संक्षिप्त होगा। जहाँ 2014 में 17 खेल स्पर्धाएँ 14 अलग-अलग जगहों पर हुई थीं, वहीं इस बार 10 खेलों के मुकाबले सिर्फ़ 4 प्रमुख वेन्यू पर ही आयोजित किए जाएँगे।
इन खेलों का सबसे बड़ा केंद्र स्कॉटिश इवेंट कैंपस होगा, जहाँ 6 मुख्य स्पर्धाएँ आयोजित की जाएँगी। यह कैंपस क्लाइड नदी के उत्तरी तट पर स्थित है और 1985 से खेल और मनोरंजन का एक प्रमुख केंद्र रहा है। यहाँ 3x3 बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, बॉल्स और वेटलिफ्टिंग के साथ-साथ पैरा-स्पोर्ट्स की प्रतियोगिताएँ भी होंगी।
खेलों का मुख्य केंद्र: स्कॉटिश इवेंट कैंपस (SEC)
इस विशाल परिसर के तीन हिस्सों में अलग-अलग खेल होंगे। 14,000 दर्शक क्षमता वाला 'द हाइड्रो' (2013 में खुला) नेटबॉल की मेज़बानी करेगा। अपनी खास घुमावदार छत के लिए मशहूर 'एसईसी आर्माडिलो' (1997 में शुरू हुआ) में वेटलिफ्टिंग और पैरा पावरलिफ्टिंग के मुकाबले होंगे। वहीं, 'एसईसी सेंटर' में बास्केटबॉल, बॉल्स, बॉक्सिंग और जूडो के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएँगे।
अन्य तीन प्रमुख खेल स्थल
ग्लासगो इंटरनेशनल एरिना: अक्टूबर 2012 में खुले इस परिसर में दो महत्वपूर्ण आयोजन होंगे। यहाँ के मुख्य एरिना में 24 से 28 जुलाई तक जिमनास्टिक प्रतियोगिताएँ होंगी। इसके बाद, स्कॉटलैंड के महानतम ओलंपियन सर क्रिस होय के नाम पर बने 'सर क्रिस होय वेलोड्रोम' में 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच साइकिलिंग के मुकाबले खेले जाएँगे।
स्कॉटस्टाउन स्टेडियम: ग्लासगो के पश्चिमी हिस्से में स्थित यह स्टेडियम, जिसकी शुरुआत 1915 में हुई थी, एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का गवाह बनेगा। 2008-2010 के बीच इसका आधुनिकीकरण किया गया था।
टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर: 1997 में बना यह एक्वाटिक सेंटर ब्रिटेन के प्रमुख तैराकी स्थलों में से एक है। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में तैराकी और पैरा-तैराकी की सभी स्पर्धाएँ यहीं आयोजित की जाएँगी।
इनपुट: IANS


