इंग्लैंड में दम दिखाएंगे भारतीय पेसर औकिब नबी, इस बड़ी काउंटी टीम के साथ किया करार
रणजी ट्रॉफी में अपने शानदार प्रदर्शन से भारतीय टीम में जगह बनाने वाले तेज गेंदबाज औकिब नबी अब इंग्लैंड की धरती पर अपनी स्विंग का जलवा दिखाएंगे। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, 29 वर्षीय…
रणजी ट्रॉफी में अपने शानदार प्रदर्शन से भारतीय टीम में जगह बनाने वाले तेज गेंदबाज औकिब नबी अब इंग्लैंड की धरती पर अपनी स्विंग का जलवा दिखाएंगे। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, 29 वर्षीय इस खिलाड़ी ने प्रतिष्ठित काउंटी चैंपियनशिप के लिए इंग्लिश टीम 'सरे' के साथ करार किया है। वह सरे के लिए तीन महत्वपूर्ण मुकाबलों में हिस्सा लेंगे।
नबी का यह दौरा सिर्फ काउंटी क्रिकेट तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए भी एक अहम पड़ाव है। चयनकर्ता यह देखना चाहते हैं कि नबी इंग्लैंड की परिस्थितियों में गेंद को कितनी अच्छी तरह स्विंग करा पाते हैं, जो न्यूजीलैंड में होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज के लिए महत्वपूर्ण होगा, जहाँ रेड कूकाबुरा गेंद का इस्तेमाल होता है।
तीन मैचों का व्यस्त कार्यक्रम
औकिब नबी का सरे के साथ अभियान 2 सितंबर को यॉर्कशायर के खिलाफ 'द ओवल' में शुरू होगा। इसके बाद टीम 8 सितंबर को होव में ससेक्स से और फिर 15 सितंबर को वापस 'द ओवल' में ग्लैमॉर्गन से भिड़ेगी। उम्मीद है कि वह 22 सितंबर से शुरू होने वाले ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ इंडिया-ए के मुकाबलों के लिए समय पर भारत लौट आएंगे।
सरे टीम में शामिल होने पर औकिब नबी ने खुशी जताते हुए कहा, "इंग्लैंड के सबसे अच्छे क्लबों में से एक, सरे से जुड़ना सम्मान की बात है। मैं इस ग्रुप से सीखने और अगले तीन मुकाबलों में उनकी मदद करने के लिए उत्सुक हूं।"
सरे ने क्यों चुना नबी को?
सरे मेंस क्रिकेट के डायरेक्टर एलेक स्टीवर्ट ने बताया कि टीम के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए गेंदबाजी विकल्पों को बढ़ाना जरूरी था। उन्होंने कहा, "6 हफ्तों में 6 मुकाबलों के बेहद मुश्किल शेड्यूल, मैचों के बीच बहुत कम रिकवरी टाइम और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को देखते हुए, हमें काउंटी चैंपियनशिप के आखिरी दौर के लिए अपने गेंदबाजी विकल्प में इजाफा करना पड़ा है।"
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड: नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन में 100 विकेट लेकर अपनी काबिलियत साबित की है। जम्मू-कश्मीर को पहला रणजी खिताब जिताने में उन्होंने 60 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई थी। वह 2025 में दलीप ट्रॉफी में चार गेंदों पर चार विकेट लेकर भी सुर्खियों में आए थे। बाद में, 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें साइन किया, जहाँ उन्होंने 5 मैच खेले।
इनपुट: IANS


