दलेर मेहंदी विवाद: राखी सावंत और सुदेश बेरी ने किया सिंगर का बचाव, कहा - 'कलाकार को बुलाते हो तो इज्जत भी करो'
उत्तराखंड के एक मेले में गायक दलेर मेहंदी के परफॉर्मेंस को लेकर हुए विवाद में अब अभिनेता सुदेश बेरी और राखी सावंत उनके समर्थन में उतर आए हैं। दोनों ने इस बात पर जोर दिया है कि अगर किसी कलाकार को…
उत्तराखंड के एक मेले में गायक दलेर मेहंदी के परफॉर्मेंस को लेकर हुए विवाद में अब अभिनेता सुदेश बेरी और राखी सावंत उनके समर्थन में उतर आए हैं। दोनों ने इस बात पर जोर दिया है कि अगर किसी कलाकार को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया जाता है, तो उसके सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह पूरा मामला नरेंद्रनगर में कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या के दौरान हुआ, जब दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर सवाल उठे थे।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब दर्शकों ने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी कुछ गानों पर लाइव गाने की बजाय रिकॉर्डेड ट्रैक का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद मंच पर मौजूद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने गायक को फटकार लगा दी थी। बाद में दलेर मेहंदी ने सफाई देते हुए कहा था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, जिस वजह से वह लाइव नहीं गा पा रहे थे और कार्यक्रम को जारी रखने के लिए उन्हें रिकॉर्डेड ट्रैक का सहारा लेना पड़ा।
कलाकारों ने क्या कहा?
अभिनेता सुदेश बेरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इस घटना को 'अजीब' बताया। उन्होंने कहा, "किसी कलाकार की परफॉर्मेंस को लेकर शिकायत हो सकती है, लेकिन उसे सबके सामने अपमानित करना सही नहीं है। कलाकार भी इंसान होते हैं और उनकी सेहत कभी भी खराब हो सकती है।" सुदेश ने दलेर मेहंदी के संगीत में योगदान को याद दिलाते हुए कहा कि उनके काम और भावनाओं की कद्र होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जल्दबाजी में कोई राय बनाने के बजाय मामले को इंसानियत से देखें।
वहीं, राखी सावंत ने भी दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए उन्हें अपना भाई बताया। उन्होंने कहा, "मैं उन्हें कई सालों से जानती हूं। उम्र के साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में किसी कलाकार की तबीयत को समझने के बजाय उसकी बेइज्जती करना ठीक नहीं है।" राखी ने आयोजकों को नसीहत देते हुए कहा कि अगर वे किसी सेलिब्रिटी को बुलाते हैं, तो उन्हें सम्मान भी देना चाहिए।
इनपुट: IANS


