शॉर्ट बॉल बनी टीम इंडिया की मुसीबत? रवि बोपारा ने बताया इंग्लैंड में भारतीय बल्लेबाज़ों की कमज़ोरी
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारतीय बल्लेबाजों को शॉर्ट पिच गेंदों पर संघर्ष करते देख पूर्व इंग्लिश ऑलराउंडर रवि बोपारा ने एक अहम टिप्पणी की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, बोपारा का मानना है…
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारतीय बल्लेबाजों को शॉर्ट पिच गेंदों पर संघर्ष करते देख पूर्व इंग्लिश ऑलराउंडर रवि बोपारा ने एक अहम टिप्पणी की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, बोपारा का मानना है कि भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड की पिचों पर शॉर्ट बॉल का सामना करते हुए 'थोड़े परेशान' नज़र आ रहे हैं। कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में भारतीय टीम मजबूत शुरुआत के बावजूद 44 ओवर में 233 रनों पर सिमट गई थी।
मिड-इनिंग्स ब्रेक के दौरान ब्रॉडकास्टर 'स्काई स्पोर्ट्स' से बात करते हुए बोपारा ने कहा, "ऐसा लगता है कि हर बार जब कोई भारतीय बल्लेबाज शॉर्ट बॉल पर आउट होता है, तो ड्रेसिंग रूम में एक संकेत जाता है, और वे शॉर्ट बॉल को लेकर परेशान हो जाते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "इंग्लिश विकेटों पर गति और उछाल में काफी अंतर देखने को मिलता है। ऐसा लगता है कि भारत इस समय शॉर्ट बॉल को लेकर थोड़ा परेशान है।" इस मैच में इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने कुल नौ विकेट अपने नाम किए थे।
कोहली का विकेट और इंग्लैंड की रणनीति
वहीं, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन ने मध्य ओवरों में मेज़बान टीम की सटीक गेंदबाज़ी को श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड ने भारत को क्रॉस-बैटेड शॉट खेलने पर मजबूर किया, जिससे रन गति धीमी हुई और उन्हें विकेट लेने के मौके मिले। मोर्गन ने कहा, "दूसरे पावरप्ले में इंग्लैंड की गेंदबाजी ज्यादा सटीक थी। उन्होंने भारत को क्रॉस-बैटेड शॉट्स खेलने के लिए उकसाया, जिससे उनकी गति धीमी हो गई और इंग्लैंड को और मौके बनाने और लेने का मौका मिला।"
विराट कोहली के 65 रन पर आउट होने को मोर्गन ने एक 'असामान्य बात' बताया। उन्होंने कहा, "हम सभी को उम्मीद थी कि कोहली कुछ खास करेंगे... यह क्लासिक कोहली थे, जो हर गेंद पर रन बना रहे थे, भले ही पार्टनरशिप धीमी हो गई थी। उनका 65 रन पर आउट होना एक असामान्य बात है। हमने अपने पूरे करियर में देखा है कि वह कितनी अच्छी तरह से अच्छी शुरुआत को सेंचुरी में बदलते हैं।"
इनपुट: IANS


