फिल्म रिलीज से पहले महाकाल के दरबार में गुरमीत चौधरी, 'तुम मेरे हो' की सफलता के लिए मांगी दुआ
अभिनेता गुरमीत चौधरी अपनी आने वाली फिल्म 'तुम मेरे हो' के प्रमोशन के लिए मध्य प्रदेश में हैं और उन्होंने इसकी शुरुआत भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेकर की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरमीत अपनी पत्नी…
अभिनेता गुरमीत चौधरी अपनी आने वाली फिल्म 'तुम मेरे हो' के प्रमोशन के लिए मध्य प्रदेश में हैं और उन्होंने इसकी शुरुआत भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेकर की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरमीत अपनी पत्नी देबीना बनर्जी के साथ उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे और दिव्य भस्म आरती में शामिल हुए।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा करते हुए गुरमीत ने इसे एक सपने के सच होने जैसा बताया। उन्होंने पत्नी देबीना के साथ मंदिर के बाहर की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, "काफी लंबे समय से हम जिस चीज का अनुभव करना चाहते थे, आखिरकार वो सपना पूरा हुआ। उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में दिव्य भस्म आरती देखना सच में कुछ अलग ही अनुभव था। बहुत शक्तिशाली, गहरा आध्यात्मिक। शब्दों से परे एक आशीर्वाद। हर हर महादेव।"
फिल्म प्रमोशन और बॉलीवुड डेब्यू
दरअसल, यह यात्रा उनकी फिल्म 'तुम मेरे हो' के प्रमोशनल टूर का हिस्सा थी, जिसकी शुरुआत इंदौर से हुई। इस दौरान उनके साथ फिल्म की पूरी टीम और अभिनेत्री ईशा मालवीय भी मौजूद थीं। यह फिल्म 'बिग बॉस 17' से चर्चा में आईं ईशा मालवीय की पहली बॉलीवुड फिल्म होगी, जिसमें वह गुरमीत के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
प्यार, धोखे और एक्शन की कहानी
फिल्म 'तुम मेरे हो' एक म्यूजिकल लव स्टोरी है, जिसमें प्यार और जिंदगी के उतार-चढ़ाव के साथ धोखे और एक्शन के पहलू भी शामिल किए गए हैं। फिल्म के संगीत पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसमें मिथुन, विशाल मिश्रा, असीस कौर और जावेद अली जैसे कई जाने-माने कलाकारों ने योगदान दिया है। आशीष पांडा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म का निर्माण आरती एस और देबीना बनर्जी ने किया है।
इनपुट: IANS


