फॉर्मूला 1: मैक्स वेरस्टैपेन ने 2030 तक रेड बुल के साथ अपनी सीट पक्की की, अटकलों पर लगा विराम
फॉर्मूला 1 की दुनिया में चल रही उन तमाम अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें चार बार के वर्ल्ड चैंपियन मैक्स वेरस्टैपेन के मैकलारेन जाने की बातें हो रही थीं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
फॉर्मूला 1 की दुनिया में चल रही उन तमाम अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें चार बार के वर्ल्ड चैंपियन मैक्स वेरस्टैपेन के मैकलारेन जाने की बातें हो रही थीं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, वेरस्टैपेन ने अपनी टीम रेड बुल के साथ एक लंबा अनुबंध किया है, जिसके तहत वह 2030 सीज़न के अंत तक टीम के साथ बने रहेंगे। इस घोषणा ने F1 जगत में उनकी भविष्य की योजनाओं को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है।
रेड बुल ने इस अनुबंध विस्तार की पुष्टि करते हुए इसे फॉर्मूला 1 के इतिहास की सबसे सफल साझेदारियों में से एक बताया है। टीम का कहना है कि यह फैसला आपसी विश्वास, महत्वाकांक्षा और भविष्य को एक साथ मिलकर आकार देने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वेरस्टैपेन 2016 से रेड बुल के साथ जुड़े हुए हैं और उन्होंने अपनी सारी बड़ी सफलताएँ इसी टीम के साथ हासिल की हैं।
“यह टीम मेरे दूसरे परिवार जैसी है”
इस नए अनुबंध पर खुशी जाहिर करते हुए वेरस्टैपेन ने कहा, “मैं अनुबंध बढ़ने से सच में बहुत खुश हूं। मैंने हमेशा कहा है कि टीम मेरे लिए दूसरे परिवार जैसी है। मुझे घर जैसा महसूस होता है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं जिस टीम के साथ मैं अपने पूरे करियर में रहा हूं, उसी के साथ इस सफर को जारी रखना वाकई खास है।”
अपने अब तक के सफर को याद करते हुए डच ड्राइवर ने बताया, “मैं टीम में रेस जीतने की उम्मीद से आया था। हमने साथ मिलकर जो हासिल किया वह बहुत प्यारा था। हमने कई शानदार पल साझा किए और चार वर्ल्ड चैंपियनशिप जीती।”
भविष्य की रणनीति और लक्ष्य
मैक्स वेरस्टैपेन ने भविष्य के लिए भी अपना लक्ष्य साफ किया। उन्होंने कहा, “हमारे पास सबसे अच्छे लोग हैं। मैं फिर से शीर्ष पर वापस आने के लिए सभी के साथ मिलकर काम करते रहने के लिए उत्साहित हूं। यह आखिरी लक्ष्य है जिसके लिए हम सभी काम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।”
उल्लेखनीय है कि वेरस्टैपेन ने 2021 से 2024 तक लगातार चार वर्ल्ड खिताब जीते थे, जिसके बाद 2025 में यह टाइटल लैंडो नॉरिस ने अपने नाम किया था। टीम प्रिंसिपल लॉरेंट मेकीज के नेतृत्व में वेरस्टैपेन का टीम में बने रहना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। मेकीज ने कहा, “मैक्स का हमारे साथ बने रहना और ग्रिड पर सबसे अच्छे ड्राइवर को बनाए रखना रेड बुल, ओरेकल रेड बुल रेसिंग, साथ ही 'एफ1' और पूरे मोटरस्पोर्ट में सभी के लिए शानदार खबर है।”
इनपुट: IANS


