अमिताभ बच्चन ने मीडिया पर शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का लगाया आरोप, दी चेतावनी
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने मीडिया के एक हिस्से पर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके एक पोस्ट के शब्दों को गलत संदर्भ में पेश किया गया, जिसके बाद उन्होंने चेतावनी देते…
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने मीडिया के एक हिस्से पर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके एक पोस्ट के शब्दों को गलत संदर्भ में पेश किया गया, जिसके बाद उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "सोच लो! भारी पड़ेगा।"
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह पूरा मामला अमिताभ बच्चन के एक ब्लॉग और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने भगवान कृष्ण के लिए इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक पंक्ति "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की" का ज़िक्र किया था। बच्चन का कहना है कि मीडिया ने उनके इन शब्दों को तोड़-मरोड़कर एक राजनीतिक चुनौती के रूप में पेश कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
अमिताभ बच्चन ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया कि उनकी यह पंक्ति भगवान कृष्ण के लिए एक प्रार्थना थी, न कि किसी विरोधी पर कोई तंज या राजनीतिक बयान। उन्होंने इस बात पर आपत्ति जताई कि मीडिया ने इसे इस तरह छापा जैसे वह अपने विरोधियों को चुनौती दे रहे हों। उन्होंने कहा, "मीडिया उसका निरादर करके, अपना प्रचार करने के लिए, छापता है, 'देखिए ये अमिताभ अपने विरोधियों को चुनौती दे रहा है, की, 'ले आओ हाथी घोड़ा' हम अपने हथियारों से लड़ेंगे, डरेंगे नहीं!'"
बिग बी ने इसे धार्मिक दृष्टिकोण से भी गलत ठहराते हुए धर्म का निरादर बताया। उन्होंने कहा कि यह 'जय श्री कृष्ण' के उपलक्ष्य में कही गई बात की घोर निंदा है।
'हम माफी मांगते हैं, मीडिया नहीं'
अपने पोस्ट में अमिताभ ने इस बात का भी ज़िक्र किया कि पब्लिक फिगर से गलती होने पर वे तुरंत माफी मांग लेते हैं, लेकिन मीडिया की तरफ से गलती होने पर ऐसा नहीं होता। उन्होंने लिखा, "हमसे कोई गलती हो जाए - गलतियां हो जाती हैं, तो हम तुरंत क्षमा मांगते हैं, और सुधार करने का प्रयत्न करते हैं, पर यहां लगता है उनका (मीडिया) ये जन्म साइ धिकार (जन्मसिद्ध अधिकार) है।"
अपनी नाराज़गी व्यक्त करते हुए उन्होंने अपने बड़े फॉलोअर बेस का भी ज़िक्र किया और मीडिया को कड़ा संदेश दिया।
इनपुट: IANS


