'हनुमान अंश' की सफलता: 2 करोड़ की फिल्म ने कैसे कमा लिए 192 करोड़? प्रोड्यूसर ने बताई पूरी कहानी
सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर सभी को चौंकाते हुए अब तक 192 करोड़ रुपये से ज़्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म की इस अविश्वसनीय सफलता पर प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर…
सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर सभी को चौंकाते हुए अब तक 192 करोड़ रुपये से ज़्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म की इस अविश्वसनीय सफलता पर प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने कहा है कि यह उनकी उम्मीदों से कहीं ज़्यादा है। समाचार एजेंसी IANS के साथ बातचीत में उन्होंने इस फिल्म से जुड़ने और नीम करौली बाबा से प्रेरित होने की अपनी पूरी कहानी साझा की।
अनुप्रिया का इस कहानी से जुड़ाव तब शुरू हुआ जब वह यूके में इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रही थीं। उन्होंने बताया, "मेरा भारत वापस आने का कोई प्लान नहीं था। फाइनल ईयर में रिसर्च करते हुए मैंने देखा कि नीम करौली बाबा ने एप्पल के फाउंडर स्टीव जॉब्स समेत कई विदेशियों को प्रभावित किया। मेरे दिमाग में एक सवाल आया कि मैं भारतीय हूं लेकिन मुझे उनके बारे में विदेशियों से क्यों पता चला।"
कहानी से जुड़ाव और फिल्म का सफ़र
इसी सवाल ने अनुप्रिया को यह कहानी आज की पीढ़ी (Gen Z) तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में उन्होंने किताब या कॉमिक बुक बनाने जैसे विचारों पर काम किया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंज़ूर था। भारत आने पर उनकी मुलाकात प्रोड्यूसर रागिनी सोना से हुई, जो पहले ही 'हनुमान अंश' नाम की फिल्म की शूटिंग पूरी कर चुकी थीं।
अनुप्रिया ने अपनी उत्सुकता ज़ाहिर करते हुए कहा, "मैंने फिल्म की करीब 120 पेज की स्क्रिप्ट एक ही बार में पढ़ डाली। स्क्रिप्ट पढ़ते हुए मेरा कनेक्शन कहानी से इतना गहरा हो गया कि कई जगह मैं इमोशनल हुईं और कई जगह मेरे रोंगटे खड़े हो गए।" इसी अनुभव ने उन्हें फिल्म से जुड़ने के लिए मजबूर कर दिया।
बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों से बढ़कर प्रदर्शन
फिल्म की शुरुआत काफी धीमी रही थी। रिलीज़ के पहले दिन इसने महज़ 10 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया था। लेकिन धीरे-धीरे दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के चलते इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल आया। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज़ के 37वें दिन (शनिवार) को फिल्म ने एक दिन में 18.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जिसके लिए 7,449 शो चलाए गए।
अपनी खुशी ज़ाहिर करते हुए अनुप्रिया ने कहा, "फिल्म जिस तरह से कमाई कर रही है, वह हमारी उम्मीदों से कहीं ज्यादा है। मैं इस सफलता को सिर्फ बॉक्स ऑफिस नंबर नहीं बल्कि लोगों के फिल्म से जुड़ने के रूप में देखती हूं।"
इनपुट: IANS


