पिता की एक सलाह ने बदला अदा शर्मा का करियर, अब मराठी फिल्म 'गजरा' से करेंगी डेब्यू
बॉलीवुड से लेकर दक्षिण भारतीय फिल्मों तक अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अदा शर्मा अब एक नई भाषा के सिनेमा में कदम रख रही हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अदा जल्द ही मराठी फिल्म 'गजरा'…
बॉलीवुड से लेकर दक्षिण भारतीय फिल्मों तक अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अदा शर्मा अब एक नई भाषा के सिनेमा में कदम रख रही हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अदा जल्द ही मराठी फिल्म 'गजरा' में नज़र आएंगी, जो सच्ची घटनाओं पर आधारित एक रहस्यमयी फिल्म बताई जा रही है।
दिलचस्प बात यह है कि अदा का यह फैसला उनके पिता की दी हुई एक पुरानी सलाह से प्रेरित है। अभिनेत्री ने एजेंसी के साथ बातचीत में इस सलाह को याद किया।
पिता की क्या थी वो खास सलाह?
अदा ने बताया, "जब मैंने अपने पिता से कहा कि मैं एक्ट्रेस बनना चाहती हूं तो उन्होंने मुझसे कहा था कि तुम्हें भारत की हर भाषा में एक फिल्म जरूर करनी चाहिए। हर राज्य की अपनी संस्कृति होती है, हर भाषा की अपनी बारीकियां होती हैं। तुम्हारे लिए हर भाषा और हर फिल्म में एक नया किरदार निभाना एक बड़ा और दिलचस्प चुनौतीपूर्ण अनुभव होगा।"
खुद को मानती हैं पैन-इंडियन एक्ट्रेस
अदा ने बॉलीवुड से डेब्यू किया था, लेकिन उन्हें 'एस/ओ सत्यमूर्ति' (2015) और 'क्षनम' (2016) जैसी फिल्मों से दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी बड़ी सफलता मिली। जब उनसे पूछा गया कि क्या 'गजरा' के बाद वह और मराठी फिल्में करेंगी या बॉलीवुड पर ही ध्यान देंगी, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वह खुद को एक 'पैन-इंडियन एक्ट्रेस' के रूप में देखती हैं।
उन्होंने कहा, "'द केरला स्टोरी' एक बॉलीवुड हिंदी फिल्म थी, जिसमें 60 प्रतिशत मलयालम, 10 प्रतिशत अंग्रेजी और 30 प्रतिशत टूटी-फूटी हिंदी थी। हिंदी फिल्म 'कमांडो' में मैंने एक तेलुगु लड़की का किरदार निभाया था। अपनी पहली फिल्म में मैंने एंग्लो-इंडियन लिजा का रोल किया था। मैं किसी भी तरह का किरदार निभाने के लिए तैयार हूं। मैं चाहूंगी कि सभी भाषाओं में अपनी जगह बनाऊं।"
'गजरा' के बारे में
श्रेयस जाधव के निर्देशन में बन रही इस मराठी फिल्म का निर्माण अमोल बोरकर कर रहे हैं। देवदत्त मनीषा बाजी ने इसका संगीत तैयार किया है। यह फिल्म 2027 में रिलीज होने वाली है।
इनपुट: IANS


