रविवार, 30 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
बॉलीवुड

‘स्कैम 1992’ के बाद हंसल मेहता ला रहे हैं ‘स्कैम 2010’, सामने आई कहानी और स्टारकास्ट की जानकारी

हर्षद मेहता पर बनी बेहद सफल वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ के बाद निर्देशक हंसल मेहता अब इस फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी ‘स्कैम 2010’ लेकर आ रहे हैं। यह सीरीज एक बड़े कारोबारी साम्राज्य के बनने और उसके पतन की…

‘स्कैम 1992’ के बाद हंसल मेहता ला रहे हैं ‘स्कैम 2010’, सामने आई कहानी और स्टारकास्ट की जानकारी
(फोटो: IANS)

हर्षद मेहता पर बनी बेहद सफल वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ के बाद निर्देशक हंसल मेहता अब इस फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी ‘स्कैम 2010’ लेकर आ रहे हैं। यह सीरीज एक बड़े कारोबारी साम्राज्य के बनने और उसके पतन की कहानी दिखाएगी, जिसमें महत्वाकांक्षा, ताकत और अहंकार के टकराव को केंद्र में रखा गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सीरीज की शूटिंग फिलहाल चल रही है और इसे जल्द ही सोनी लिव पर स्ट्रीम किया जाएगा।

‘स्कैम 2010’ में मुख्य भूमिका अभिनेता सिद्धार्थ बोडके निभा रहे हैं। अपने किरदार के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसका जटिल व्यक्तित्व उन्हें सबसे ज्यादा आकर्षित करता है। उन्होंने बताया, "इस किरदार को निभाना मेरे लिए काफी दिलचस्प था। यह अनुभव बेहद रोमांचक रहा, और हंसल मेहता जैसे निर्देशक के मार्गदर्शन में ऐसे परतदार किरदार को निभाने का मौका मुझे बहुत पसंद आया।"

क्या है 'स्कैम 2010' की कहानी?

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर हंसल मेहता ने सीरीज के विषय पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह सिर्फ किसी कारोबारी की सफलता की कहानी नहीं है। उन्होंने कहा, "इसके जरिए महत्वाकांक्षा, ताकत, प्रभाव और सफलता के बाद आने वाले अहंकार को समझने की कोशिश की गई है। कहानी यह भी दिखाएगी कि जब किसी व्यक्ति को अपनी बनाई हुई दुनिया पर जरूरत से ज्यादा भरोसा होने लगे तो हालात किस तरह बदल सकते हैं।"

फ्रेंचाइजी पर मेकर्स की राय

अप्लॉज एंटरटेनमेंट के चीफ कंटेंट ऑफिसर दीपक सहगल ने कहा कि 'स्कैम' अब सिर्फ एक फ्रेंचाइजी नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी बन गई है। उन्होंने बताया, "'स्कैम 1992' की सफलता ने हमें एक एंथोलॉजी बनाने का भरोसा दिया। भारत का इतिहास ऐसी असाधारण कहानियों से भरा हुआ है, जहां महत्वाकांक्षा, पैसा, ताकत और इंसानी स्वभाव एक-दूसरे से टकराते हैं।" सहगल ने हंसल मेहता की वापसी को सीरीज के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वह जटिल घटनाओं को मानवीय भावनाओं से जोड़ने में माहिर हैं।

इस बहुप्रतीक्षित सीरीज का निर्माण बिड़ला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट मिलकर कर रहे हैं। ‘स्कैम 2010’ भारतीय ओटीटी पर ‘स्कैम 1992’ और ‘स्कैम 2003’ के बाद इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त होगी।

इनपुट: IANS

N

News4Social एंटरटेनमेंट डेस्क

News4Social एंटरटेनमेंट डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से सिनेमा और मनोरंजन से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →