अपनी लव स्टोरी पर बोले जय रंधावा: 'मैंने न 40 साल इंतज़ार किया, न सरहद पार की'
पंजाबी अभिनेता जय रंधावा जल्द ही फिल्म 'इश्कनामा' में एक ऐसे प्रेमी की भूमिका में नज़र आएंगे, जिसने अपने प्यार के लिए 40 साल लंबा इंतजार किया। लेकिन जब उनसे उनकी अपनी लव स्टोरी के बारे में पूछा गया…
पंजाबी अभिनेता जय रंधावा जल्द ही फिल्म 'इश्कनामा' में एक ऐसे प्रेमी की भूमिका में नज़र आएंगे, जिसने अपने प्यार के लिए 40 साल लंबा इंतजार किया। लेकिन जब उनसे उनकी अपनी लव स्टोरी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि उनकी ज़िंदगी की कहानी इतनी भी फिल्मी नहीं है। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उन्होंने बताया कि वह अपनी प्रेम कहानी को 'इश्कनामा' जैसा बड़ा नाम नहीं दे सकते।
जय ने कहा, "मेरी जिंदगी में ऐसा कुछ नहीं हुआ। मैंने किसी के लिए सरहद पार नहीं की और न ही 40 साल तक किसी का इंतजार किया। मैं अभी खुद 40 साल का भी नहीं हुआ हूं।" उन्होंने अपनी फिल्म के किरदार से तुलना करते हुए बताया कि 'इश्कनामा' जैसा नाम त्याग, इंतजार और समर्पण की मांग करता है, जो उनकी निजी ज़िंदगी का अनुभव नहीं रहा है।
सच्ची घटना पर आधारित है फिल्म
यह फिल्म निर्मल निम्मा नाम के शख्स की सच्ची कहानी पर आधारित है, जो आज 72 साल के हैं और उन्होंने अपने प्यार के लिए करीब चार दशक तक इंतजार किया। 'इश्कनामा' की कहानी 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा की पृष्ठभूमि पर रची गई है, जो निम्मा और नसीमा की प्रेम कहानी को पर्दे पर लाती है। यह फिल्म 'हिंद पाक बॉर्डरनामा' किताब से प्रेरित है।
फिल्म को लेकर जय रंधावा काफी आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा, "अगर कलाकार ईमानदारी से काम करे तो जिम्मेदारी का बोझ अपने आप हल्का हो जाता है। पूरी टीम ने इस फिल्म को पूरी सच्चाई और मेहनत के साथ बनाया है।"
कब और कहां देखें?
इस फिल्म का निर्देशन अरविंदर एस. खैरा ने किया है। फिल्म के निर्देशक ने कहा कि 'इश्कनामा' किसी लेखक की कल्पना नहीं, बल्कि हकीकत में जी गई प्रेम कहानी है। फिल्म में जय रंधावा के साथ शहनाज गिल और सौरभ सचदेवा भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसका संगीत बी प्राक ने दिया है और गीत जानी ने लिखे हैं। यह फिल्म 24 जुलाई को भारत, कनाडा और ब्रिटेन समेत दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इनपुट: IANS


