पत्नी कैथरीन के जन्मदिन पर माइकल डगलस का प्यार भरा संदेश, कहा- 'तुमसे खूबसूरत कोई नहीं'
हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता माइकल डगलस और उनकी पत्नी व अभिनेत्री कैथरीन जीटा-जोन्स एक ही दिन अपना जन्मदिन मनाते हैं। इस खास मौके पर माइकल डगलस ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी के लिए एक बेहद भावुक और प्यार…
हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता माइकल डगलस और उनकी पत्नी व अभिनेत्री कैथरीन जीटा-जोन्स एक ही दिन अपना जन्मदिन मनाते हैं। इस खास मौके पर माइकल डगलस ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी के लिए एक बेहद भावुक और प्यार भरा संदेश साझा किया है। उन्होंने अपनी आने वाली किताब का एक अंश पोस्ट करते हुए बताया कि कैसे कैथरीन को देखते ही उन्हें पहली नजर में प्यार हो गया था।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, डगलस ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर कैथरीन के साथ अपनी एक तस्वीर पोस्ट की। इसके कैप्शन में उन्होंने अपनी संस्मरण पुस्तक 'वन हेलुवा राइड' से कुछ पंक्तियाँ लिखीं। उन्होंने लिखा, “फिल्मी पर्दे पर मुझे कभी किसी से प्यार नहीं हुआ था, जब तक मैंने कैथरीन को नहीं देखा। वह सिर्फ खूबसूरत ही नहीं थीं, बल्कि उनमें एक ऐसा जादू था जो सुंदरता से कहीं बढ़कर था।”
पहली मुलाकात और अटूट विश्वास
डगलस ने आगे बताया कि उन्हें पूरा यकीन था कि कैथरीन ही उनकी जीवनसाथी बनेंगी। उन्होंने लिखा, “मुझे उतना यकीन पहले कभी किसी बात पर नहीं हुआ था, जितना इस बात पर था कि वही मेरी जीवनसाथी हैं। जिंदगी में ऐसा पल शायद सिर्फ एक बार आता है, जब आपको बिना किसी शक के महसूस होता है कि आप किसी खास इंसान के साथ रहने के लिए बने हैं।” अपने संदेश के अंत में उन्होंने लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो, कैथरीन। मैं तुम्हें हमेशा और हमेशा प्यार करता रहूंगा।”
उनकी इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कैथरीन जीटा-जोन्स ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “धन्यवाद डार्लिंग। तुम्हें भी जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, मेरे प्यार।”
हॉलीवुड का पावर कपल
माइकल डगलस और कैथरीन जीटा-जोन्स की पहली मुलाकात अगस्त 1998 में फ्रांस के डोविल अमेरिकन फिल्म फेस्टिवल में अभिनेता डैनी डेविटो के जरिए हुई थी। इस जोड़े ने 31 दिसंबर 1999 को सगाई की और 18 नवंबर 2000 को न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में शादी कर ली। उनके दो बच्चे हैं— 24 साल के डिलन और 21 साल की कैरीज़। यह माइकल डगलस की दूसरी शादी है; उनकी पहली शादी डायंड्रा लुकर से हुई थी, जिनसे उनका एक बेटा कैमरून डगलस है।
इनपुट: IANS


