नायला ग्रेवाल बोलीं- 'अगर महिलाएं ही एक-दूसरे का साथ न दें, तो बदलाव कौन लाएगा?'
फिल्म 'थप्पड़' से चर्चा में आईं अभिनेत्री नायला ग्रेवाल का मानना है कि सिनेमा को महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर लगातार बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी कहानियों को सिर्फ बॉक्स ऑफिस की कमाई से नहीं…
फिल्म 'थप्पड़' से चर्चा में आईं अभिनेत्री नायला ग्रेवाल का मानना है कि सिनेमा को महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर लगातार बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी कहानियों को सिर्फ बॉक्स ऑफिस की कमाई से नहीं तौलना चाहिए, क्योंकि उनका सामाजिक महत्व कहीं ज़्यादा होता है। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में नायला ने महिलाओं के आपसी सहयोग की ज़रूरत पर भी ज़ोर दिया।
नायला के मुताबिक, हाल के वर्षों में महिलाओं के ज़रूरी विषयों पर बनने वाली फिल्मों में कुछ कमी आई है। उन्होंने कहा, "महिलाओं से जुड़े मुद्दे मेरे लिए काफी मायने रखते हैं। मैं इस विषय को लेकर खुद काफी जागरूक हूं और ऐसी फिल्म में काम करना चाहती हूं, जो महिलाओं से जुड़े मुद्दों को विस्तार से दिखाए।"
तापसी पन्नू की तारीफ
इस बातचीत के दौरान नायला ने अपनी 'थप्पड़' फिल्म की को-स्टार तापसी पन्नू की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे 'थप्पड़' जैसी फिल्म में काम करने का मौका मिला। तापसी ने अपने करियर में कई ऐसी फिल्मों का हिस्सा बनकर महिलाओं से जुड़े मुद्दों को सामने लाने की कोशिश की है।" उन्होंने तापसी की आने वाली फिल्म 'गांधारी' का भी ज़िक्र किया, जो बच्चों की तस्करी जैसे गंभीर विषय पर आधारित है।
बॉक्स ऑफिस से बढ़कर है कहानी
अभिनेत्री ने इस बात पर चिंता जताई कि अक्सर बड़ी कहानियों को पुरुष स्टार या बॉक्स ऑफिस की सफलता की कसौटी पर परखा जाता है। उन्होंने कहा, "यह सवाल नहीं होना चाहिए कि फिल्म में कौन सा बड़ा पुरुष स्टार है या फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना कमा पाएगी। अगर कहानी जरूरी है, तो उसे सामने आना चाहिए।"
नायला ने महिलाओं से एक-दूसरे का समर्थन करने की अपील करते हुए अपनी बात खत्म की। उन्होंने सवाल किया, "महिलाओं को दूसरी महिलाओं का साथ देना चाहिए... अगर महिलाएं ही एक-दूसरे को सपोर्ट नहीं करेंगी, तो फिर इस बदलाव की शुरुआत कौन करेगा।"
इनपुट: IANS


