बाली में चोट के बाद नुसरत भरूचा का पहला पोस्ट, व्हीलचेयर से तस्वीर शेयर कर बोलीं- 'पिक्चर अभी बाकी है'
बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा ने बाली में छुट्टियों के दौरान घायल होने के बाद अपना पहला सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया है। इस पोस्ट के ज़रिए उन्होंने अपने चाहने वालों को अपनी सेहत की जानकारी दी और…
बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा ने बाली में छुट्टियों के दौरान घायल होने के बाद अपना पहला सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया है। इस पोस्ट के ज़रिए उन्होंने अपने चाहने वालों को अपनी सेहत की जानकारी दी और सकारात्मक संदेश भी दिया। नुसरत को एक हादसे में रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद उन्हें सर्जरी के लिए एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया।
शनिवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल से नुसरत ने एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह एक रिक्लाइनिंग व्हीलचेयर पर बैठी दिख रही हैं और खिड़की से खूबसूरत सूर्यास्त का नज़ारा दिखाई दे रहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, "पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त।"
डॉक्टरों की निगरानी में नुसरत
इस घटना के बाद नुसरत के पब्लिसिस्ट ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया था कि अभिनेत्री फिलहाल मेडिकल निगरानी में हैं। बयान में यह भी कहा गया कि चोट और सर्जरी के कारण नुसरत को ठीक होने और आराम करने के लिए कुछ समय चाहिए होगा, जिसकी वजह से अगले कुछ हफ्तों तक उनके काम पर असर पड़ सकता है।
उनके पब्लिसिस्ट ने सभी से अनुरोध किया, "हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस समय उनकी प्राइवेसी का सम्मान करें और उन्हें अपने इलाज और ठीक होने पर ध्यान देने के लिए जरूरी स्पेस दें। हम सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभारी हैं और सही समय पर आगे की जानकारी देंगे।" 'प्यार का पंचनामा' जैसी फिल्मों से मशहूर हुईं नुसरत बाली में छुट्टियां मनाने गई थीं।
इनपुट: IANS


