रविवार, 30 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
सिनेमा

महात्मा गांधी के किरदार में पहली बार दिखेंगे मनोज बाजपेयी, सुधीर मिश्रा बना रहे हैं 'आजादी के 21 दिनों' की कहानी

बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकार मनोज बाजपेयी जल्द ही एक ऐसी भूमिका में नजर आएंगे, जिसमें दर्शकों ने उन्हें पहले कभी नहीं देखा। वह पहली बार महात्मा गांधी का किरदार निभाने जा रहे हैं। यह फिल्म निर्देशक…

महात्मा गांधी के किरदार में पहली बार दिखेंगे मनोज बाजपेयी, सुधीर मिश्रा बना रहे हैं 'आजादी के 21 दिनों' की कहानी
(फोटो: IANS)

बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकार मनोज बाजपेयी जल्द ही एक ऐसी भूमिका में नजर आएंगे, जिसमें दर्शकों ने उन्हें पहले कभी नहीं देखा। वह पहली बार महात्मा गांधी का किरदार निभाने जा रहे हैं। यह फिल्म निर्देशक सुधीर मिश्रा बना रहे हैं, जो भारतीय स्वतंत्रता के इतिहास के एक बेहद खास लेकिन कम चर्चित अध्याय पर आधारित होगी।

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, फिल्म की कहानी महात्मा गांधी के जीवन के उन 21 महत्वपूर्ण दिनों के इर्द-गिर्द घूमेगी, जब भारत आजादी की ओर बढ़ रहा था। सुधीर मिश्रा ने बताया कि फिल्म का मकसद उस दौर की बड़ी घटनाओं के साथ-साथ एक इंसान के तौर पर गांधीजी के व्यक्तित्व और उनकी सोच को पर्दे पर लाना है। फिल्म में यह दिखाया जाएगा कि कैसे उन 21 दिनों में उन्होंने एक नेता के तौर पर खुद को नए सिरे से देखा।

कम चर्चित अध्याय पर आधारित फिल्म

निर्देशक सुधीर मिश्रा ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, "यह नई फिल्म इतिहास के एक जरूरी, लेकिन कम चर्चित अध्याय पर ध्यान देती है। यह भारत की आजादी के दौरान महात्मा गांधी के जीवन के 21 दिनों की कहानी है।" उन्होंने आगे बताया, "उस समय जब देश आजादी की ओर बढ़ रहा था और दिल्ली सत्ता का केंद्र बन रही थी, गांधीजी ने एक अप्रत्याशित फैसला लिया। उन्होंने वहां से दूर जाने का रास्ता चुना। लेकिन उनका यह कदम पीछे हटना नहीं था। इसके बजाय उन्होंने खुद को एक नए रूप में देखा।"

इस फिल्म के जरिए सुधीर मिश्रा भी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। फिलहाल फिल्म का शीर्षक तय नहीं हुआ है।

अनुभव सिन्हा कर रहे हैं निर्माण

फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा अभिनेता सौरभ शुक्ला भी एक अहम भूमिका में दिखाई देंगे। इस प्रोजेक्ट का निर्माण 'मुल्क', 'आर्टिकल 15' और 'थप्पड़' जैसी समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्मों के निर्देशक अनुभव सिन्हा कर रहे हैं। फिल्म को अनुभव सिन्हा और नरेंद्र हिरावत मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह ए बनारस मीडिया वर्क्स के बैनर तले बन रही है और एनएच स्टूडियोज इसे प्रस्तुत कर रहा है।

इनपुट: IANS

N

News4Social एंटरटेनमेंट डेस्क

News4Social एंटरटेनमेंट डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से सिनेमा और मनोरंजन से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →