टाइगर श्रॉफ की टीम ने फायरिंग घटना पर फर्जी खबरों को लेकर दी चेतावनी, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना के बाद, उनसे संबंधित कई तरह की फर्जी खबरें और AI-जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर फैल रहे हैं। इसे लेकर उनकी टीम ने मंगलवार को एक कड़ा बयान जारी किया है…
अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना के बाद, उनसे संबंधित कई तरह की फर्जी खबरें और AI-जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर फैल रहे हैं। इसे लेकर उनकी टीम ने मंगलवार को एक कड़ा बयान जारी किया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस बयान में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि ऐसी भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने स्पष्ट किया कि रविवार शाम को हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर टाइगर श्रॉफ ने कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है और न ही कोई वीडियो जारी किया है। बयान में कहा गया, "हम स्पष्ट रूप से यह बताना चाहते हैं कि टाइगर श्रॉफ ने हालिया घटना या उससे संबंधित किसी भी घटनाक्रम के बारे में कोई बयान नहीं दिया है, कोई वीडियो जारी नहीं किया है और न ही किसी संचार को अधिकृत किया है।"
फर्जी AI वीडियो और मनगढ़ंत कहानियां
टीम ने बताया कि कई सोशल मीडिया पेज और डिजिटल प्लेटफॉर्म टाइगर से जुड़ी मनगढ़ंत कहानियां, AI से बनाए गए वीडियो और स्क्रिप्टेड नैरेटिव फैला रहे हैं। बयान में इन्हें "पूरी तरह से झूठे, अनधिकृत और जनता को गुमराह करने के इरादे से बनाए गए" बताया गया है। टीम ने कहा कि वे इस तरह की सामग्री का समर्थन नहीं करते और न ही उससे उनका कोई संबंध है।
मीडिया और प्लेटफॉर्म्स से जिम्मेदारी की अपील
बयान में मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्मों और सोशल मीडिया पेजों से जिम्मेदारी दिखाने की अपील की गई है। टीम ने आग्रह किया है कि व्यूज या आर्थिक लाभ के लिए गलत जानकारी बनाने या फैलाने से बचें और कोई भी सामग्री प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।
टीम ने चेतावनी दी, "इस तरह की मनगढ़ंत सामग्री बनाने, प्रचारित करने या प्रसारित करने वाले किसी भी व्यक्ति या पेज के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने यह भी कहा कि वे इन मामलों पर नजर रख रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सभी कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं।
इनपुट: IANS


