एमी अवॉर्ड्स में 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' की गूंज, जीशान अय्यूब ने कश्मीरियों को दिया श्रेय
फुटबॉल और कश्मीर के जज्बे की कहानी सुनाने वाली वेब सीरीज 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस सीरीज को प्रतिष्ठित इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स में ड्रामा सीरीज…
फुटबॉल और कश्मीर के जज्बे की कहानी सुनाने वाली वेब सीरीज 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस सीरीज को प्रतिष्ठित इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स में ड्रामा सीरीज कैटेगरी के लिए नॉमिनेट किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस खबर पर खुशी जाहिर करते हुए सीरीज के अभिनेता मोहम्मद जीशान अय्यूब ने इस सम्मान को कश्मीर के लोगों को समर्पित किया है।
जीशान अय्यूब, जो सीरीज में सोहेल मीर का किरदार निभा रहे हैं, ने कहा, "यह देखना हमेशा खास होता है कि हमारी मेहनत और प्यार से बनाई गई कहानी लोगों तक पहुंचती है और उसे पहचान मिलती है।" उन्होंने इस कहानी को हिम्मत और लगातार मेहनत का प्रतीक बताते हुए कहा, "मैं इस नॉमिनेशन को कश्मीर के लोगों को समर्पित करता हूं। कश्मीर के लोगों ने लंबे समय से कई तरह के संघर्ष झेले हैं और उनकी इसी मजबूती को कहानी में सामने लाने की कोशिश की गई है।"
क्या है सीरीज की कहानी?
सोनी लिव पर स्ट्रीम हो रही 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' दो ऐसे लोगों की कहानी है, जो कश्मीर में एक प्रोफेशनल फुटबॉल टीम बनाने का सपना देखते हैं। इस सफर में उनके साथ करीब 20 ऐसे खिलाड़ी जुड़ते हैं, जिन्हें शुरुआत में अंडरडॉग माना जाता है। यह सिर्फ एक खेल की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, उम्मीद और सामुदायिक ताकत के एक बड़े मिशन में बदलने की दास्तां है। सीरीज में जीशान अय्यूब के साथ मानव कौल भी मुख्य भूमिका में हैं।
टीम ने जताई खुशी
सीरीज के शो-रनर और सह-निर्देशक महेश मथाई ने भी इस नॉमिनेशन को एक बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने कहा, "मैं इस बात को लेकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि इस खास सीरीज को एमी नॉमिनेशन के जरिए ग्लोबल पहचान मिली है।" इस सीरीज का निर्माण जया एंटरटेनमेंट और ओशुन एंटरटेनमेंट ने किया है। इसमें अभिशांत राणा, प्रिया चौहान, अफनान फाजली और शहीम भट्ट जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में हैं। सीरीज का निर्देशन महेश मथाई और राजेश मापुस्कर ने मिलकर किया है।
इनपुट: IANS


