जूनियर एशिया कप 2026: खाइदेम शिलेइमा चानू संभालेंगी भारतीय महिला हॉकी टीम की कमान
चीन में 30 अगस्त से शुरू होने वाले एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम का नेतृत्व अनुभवी मिडफील्डर खाइदेम शिलेइमा चानू करेंगी, जिन्हें एक बार…
चीन में 30 अगस्त से शुरू होने वाले एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम का नेतृत्व अनुभवी मिडफील्डर खाइदेम शिलेइमा चानू करेंगी, जिन्हें एक बार फिर कप्तान की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस अहम टूर्नामेंट के लिए टीम में दो वैकल्पिक खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
यह टीम नए कोच टिम व्हाइट के मार्गदर्शन में पिछले कुछ समय से कड़ी तैयारी कर रही है। हाल ही में टीम यूनाइटेड किंगडम (यूके) के एक सफल एक्सपोजर दौरे से लौटी है, जहाँ खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मैचों का बहुमूल्य अनुभव मिला। इस दौरे ने एशिया कप से पहले टीम की तैयारियों को और पुख्ता किया है। यह टूर्नामेंट 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चलेगा, जिसमें एशिया की शीर्ष जूनियर टीमें हिस्सा लेंगी।
टीम में प्रतिभा और चरित्र है: कोच टिम व्हाइट
टीम के चयन पर कोच टिम व्हाइट ने खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता और मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा, "मुझे इन युवा खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता और पक्के इरादे पर गर्व है, जिन्होंने जूनियर एशिया कप के लिए टीम में अपनी जगह बनाई है। पिछले कुछ महीनों में, उन्होंने अपने खेल के हर पहलू को बेहतर बनाने के लिए बहुत मेहनत की है।"
व्हाइट ने आगे कहा कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए अपने सपनों को पूरा करने का एक बड़ा मंच है। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा, "यह टूर्नामेंट एशिया के बेस्ट खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने और बड़े लक्ष्यों की ओर अपना सफर जारी रखने का एक अहम मौका है। मुझे यकीन है कि इस ग्रुप में देश को गर्व महसूस कराने का टैलेंट और कैरेक्टर है।"
जूनियर एशिया कप के लिए घोषित टीम
गोलकीपर: निधि, एंगिल हर्षा रानी मिंज
डिफेंडर: पूजा साहू, सुप्रिया, पूजा मलिक, पार्वती टोपनो, मधु
मिडफील्डर: खाइदेम शिलेमा चानू (कप्तान), तनुजा टोप्पो, बिनिमा धन, रोशनी आइंद, गीता यादव
फॉरवर्ड: लालरिनपुई, पूर्णिमा यादव, सुखवीर कौर, कृष्णा शर्मा, सनिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार
वैकल्पिक खिलाड़ी: एफ लालबियाक्सियामी, तनुश्री दिनेश कडू
इनपुट: IANS


