हॉकी विश्व कप: 'करो या मरो' मुकाबले में आज पाकिस्तान से भिड़ेगी टीम इंडिया, जानें क्या कहते हैं आंकड़े
हॉकी विश्व कप 2026 के एक बेहद अहम और रोमांचक मुकाबले में बुधवार को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए यह 'करो या मरो' का मैच है, क्योंकि अगले दौर में अपनी जगह…
हॉकी विश्व कप 2026 के एक बेहद अहम और रोमांचक मुकाबले में बुधवार को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए यह 'करो या मरो' का मैच है, क्योंकि अगले दौर में अपनी जगह पक्की करने के लिए उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह हाई-वोल्टेज मुकाबला नीदरलैंड के एम्सटेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में खेला जाएगा।
फिलहाल ग्रुप डी की अंक तालिका में भारतीय टीम दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ दूसरे स्थान पर है। टीम इंडिया ने अपने अभियान की शुरुआत वेल्स पर जीत के साथ की थी, लेकिन अपने दूसरे मुकाबले में उसे इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, 16 साल बाद विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है और वह दो मैचों में एक ड्रॉ और एक हार के साथ ग्रुप में चौथे स्थान पर है।
कैसा है आपसी मुकाबलों का रिकॉर्ड?
जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होता है, तो रोमांच अपने चरम पर होता है और हॉकी में भी यह प्रतिद्वंद्विता क्रिकेट जैसी ही है। अगर कुल मुकाबलों की बात करें तो दोनों टीमें अब तक 183 बार भिड़ी हैं। इसमें पाकिस्तान ने 82 मैच जीते हैं, जबकि भारत को 69 मैचों में सफलता मिली है। 32 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।
विश्व कप में भारत का दबदबा
हालांकि, हॉकी विश्व कप के मंच पर भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच विश्व कप में अब तक कुल 5 मैच हुए हैं, जिनमें से भारत ने 3 जीते हैं और पाकिस्तान को 2 में जीत मिली है। आखिरी बार दोनों टीमें 2010 विश्व कप में टकराई थीं, जहाँ भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से करारी शिकस्त दी थी। भारतीय टीम इसी शानदार रिकॉर्ड को और मजबूत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
कब और कहां देखें मैच?
यह महत्वपूर्ण मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। इसका लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स सिलेक्ट 2, स्टार स्पोर्ट्स सिलेक्ट 2 एचडी और स्टार स्पोर्ट्स हिंदी पर किया जाएगा। दर्शक जियोस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग भी देख सकते हैं।
इनपुट: IANS


