इंग्लैंड के खिलाफ खतरनाक थ्रो के लिए भारतीय गेंदबाज़ गुरनूर बरार पर ICC की कार्रवाई
इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे मैच के दौरान भारतीय युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। समाचार…
इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे मैच के दौरान भारतीय युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, फील्डिंग के दौरान बल्लेबाज की तरफ खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने के कारण उन्हें आधिकारिक चेतावनी के साथ एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है।
यह घटना 14 जुलाई को इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर में हुई थी। बरार ने गेंद उठाकर बल्लेबाज की दिशा में अनुचित और संभावित रूप से खतरनाक तरीके से फेंकी थी। ICC ने इसे खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए बनी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन माना है। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी पर या उसके पास अनुचित या खतरनाक ढंग से गेंद फेंकने से संबंधित है।
क्या है सज़ा और कैसे हुई कार्रवाई?
इस उल्लंघन के लिए गुरनूर बरार के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ दिया गया है। यह पिछले 24 महीनों में उनका पहला अपराध है। ICC ने बताया कि बरार ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा प्रस्तावित सज़ा को भी मान लिया, जिसके चलते मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की ज़रूरत नहीं पड़ी।
बरार के खिलाफ यह आरोप मैदानी अंपायर कुमार धर्मसेना और माइक बर्न्स, तीसरे अंपायर सैम नोगज्स्की और चौथे अंपायर रसेल वॉरेन ने मिलकर लगाए थे। ICC के नियमों के मुताबिक, लेवल-1 के उल्लंघन में न्यूनतम सज़ा आधिकारिक फटकार और अधिकतम मैच फीस का 50% जुर्माना तथा एक या दो डिमेरिट पॉइंट हो सकते हैं।
क्या होते हैं डिमेरिट पॉइंट्स?
ICC की व्यवस्था के तहत, यदि कोई खिलाड़ी 24 महीने की अवधि में चार या उससे ज़्यादा डिमेरिट पॉइंट हासिल कर लेता है, तो वे सस्पेंशन पॉइंट्स में बदल जाते हैं। दो सस्पेंशन पॉइंट का मतलब एक टेस्ट या दो वनडे/टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों का निलंबन होता है। ये डिमेरिट पॉइंट 24 महीने तक खिलाड़ी के रिकॉर्ड में बने रहते हैं।
इनपुट: IANS


