इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन का इनाम, न्यूजीलैंड के नाथन स्मिथ बने जून के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 'जून 2026 का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी' चुना है। समाचार…
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 'जून 2026 का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी' चुना है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस पुरस्कार की दौड़ में भारतीय कप्तान शुभमन गिल और बांग्लादेश के ऑलराउंडर मोसाद्देक हुसैन भी शामिल थे, लेकिन स्मिथ ने इन दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए यह खिताब अपने नाम किया।
27 वर्षीय स्मिथ ने यह सम्मान मिलने पर खुशी जाहिर की। आईसीसी को दिए एक बयान में उन्होंने कहा, "यह वाकई बहुत खास है। टीम के लिए इंग्लैंड का दौरा शानदार रहा और यह बहुत अच्छी बात है। मैं आमतौर पर व्यक्तिगत अवॉर्ड के लिए नहीं खेलता, लेकिन यह पहचान मिलना अच्छा लगता है और इससे भी जरूरी बात यह है कि मैंने सीरीज जीतने में योगदान दिया।"
टेस्ट सीरीज में बने जीत के हीरो
इंग्लैंड में खेली गई तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में नाथन स्मिथ न्यूजीलैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे। जब टीम के कई प्रमुख गेंदबाज चोटिल थे, तब उन्होंने जिम्मेदारी संभालते हुए 23 की औसत से कुल 16 विकेट चटकाए। स्मिथ ने अपने प्रदर्शन पर कहा, "दुर्भाग्य से, सीरीज के दौरान कुछ खिलाड़ी चोटिल हो गए थे, इसलिए मुझे आगे आकर नई गेंद से बॉलिंग की शुरुआत करनी पड़ी। जिम्मेदारी उठाना और नई गेंद से कुछ ओवर फेंकना अच्छा लगा।"
लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में उनका प्रदर्शन यादगार रहा, जहाँ उन्होंने दूसरी पारी में 70 रन देकर 6 विकेट लिए और मैच में कुल 9 विकेट अपने नाम किए। इसके बाद दूसरे मैच में उन्होंने एक विकेट लिया और बल्ले से 38 रनों का योगदान भी दिया। सीरीज के निर्णायक मुकाबले में स्मिथ ने पहली पारी में 91 रन पर 4 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को 82 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई और दूसरी पारी में दो और विकेट लेकर टीम को 2-1 से ऐतिहासिक सीरीज जीत दिला दी।
इनपुट: IANS


