U-19 महिला T20 विश्व कप 2027: भारत अपने अभियान की शुरुआत वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ करेगा, देखें पूरा शेड्यूल
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 में होने वाले अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह टूर्नामेंट 21 जनवरी से 6 फरवरी 2027 के बीच बांग्लादेश और नेपाल की संयुक्…
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 में होने वाले अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह टूर्नामेंट 21 जनवरी से 6 फरवरी 2027 के बीच बांग्लादेश और नेपाल की संयुक्त मेज़बानी में खेला जाएगा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच 41 मुक़ाबले होंगे।
डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम को ग्रुप-ए में मेज़बान नेपाल, वेस्टइंडीज़ और आयरलैंड के साथ रखा गया है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 22 जनवरी को काठमांडू के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ मैच से करेगा। वहीं, भारत और पाकिस्तान की टीमें अलग-अलग ग्रुप में होने के कारण ग्रुप स्टेज में आमने-सामने नहीं होंगी।
टूर्नामेंट का प्रारूप और टीमें
विश्व कप में भाग ले रही 16 टीमों को चार-चार के चार ग्रुपों में बाँटा गया है। ग्रुप स्टेज के मैच 26 जनवरी तक चलेंगे। हर ग्रुप से टॉप प्रदर्शन करने वाली टीमें सुपर सिक्स स्टेज के लिए क्वालीफ़ाई करेंगी, जहाँ उन्हें दो ग्रुपों में बाँटा जाएगा। सुपर सिक्स के हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह पक्की करेंगी।
- ग्रुप-ए: भारत, आयरलैंड, वेस्टइंडीज़, नेपाल
- ग्रुप-बी: दक्षिण अफ़्रीका, न्यूज़ीलैंड, पाकिस्तान, समोआ
- ग्रुप-सी: ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE)
- ग्रुप-डी: इंग्लैंड, श्रीलंका, संयुक्त राज्य अमेरिका, स्कॉटलैंड
वेन्यू और अहम तारीखें
टूर्नामेंट के सभी मैच बांग्लादेश के चटगांव और सिलहट तथा नेपाल के काठमांडू स्थित कुल चार मैदानों पर खेले जाएँगे। पहले दिन 21 जनवरी को चार मैच होंगे। सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले 4 फ़रवरी को खेले जाएँगे, जबकि फ़ाइनल 6 फ़रवरी को भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से होगा। दोनों नॉकआउट मैचों के लिए एक-एक दिन का रिज़र्व डे भी रखा गया है।
'युवा खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन मंच'
आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने इस मौक़े पर कहा, "आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप वह स्टेज है जो हमारे खेल के भविष्य को दिखाता है और युवा खिलाड़ियों के लिए अपने देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए एलीट करियर की ओर बढ़ने का सबसे अच्छा प्लेटफ़ॉर्म है।" उन्होंने बांग्लादेश और नेपाल को मेज़बान चुनने पर कहा कि क्रिकेट के प्रति दोनों देशों का जुनून और उनकी युवा आबादी इसे एक बड़े युवा खेल आयोजन के लिए आदर्श मेज़बान बनाती है।
इनपुट: IANS


