गोल्ड मेडलिस्ट मुक्केबाज अरुंधति चौधरी से मिले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कहा- आप युवाओं की प्रेरणा हैं
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली स्टार मुक्केबाज अरुंधति चौधरी के घर पहुंचकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें सम्मानित किया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शनिवार को…
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली स्टार मुक्केबाज अरुंधति चौधरी के घर पहुंचकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें सम्मानित किया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी के दौरे पर पहुँचे बिरला ने अरुंधति और उनके परिवार से मुलाकात कर इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
अरुंधति चौधरी ने हाल ही में संपन्न हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में 70 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। उनके इसी प्रदर्शन की सराहना करते हुए ओम बिरला ने कहा कि अरुंधति की सफलता उन युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है जो खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।
कोटा-बूंदी का गौरव
लोकसभा अध्यक्ष ने मुक्केबाज के समर्पण, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस जीत ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे कोटा-बूंदी क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए आवश्यक समर्थन देना बेहद महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर ओम बिरला के साथ ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने अरुंधति को उनके खेल करियर में निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
"देश का नाम रोशन करती रहें"
ओम बिरला ने विश्वास जताया कि अरुंधति कड़ी मेहनत जारी रखेंगी और भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करेंगी। उन्होंने कहा, "ऐसी उपलब्धियां भारत के युवाओं की क्षमता को दर्शाती हैं।" बिरला ने अरुंधति को पूरे समर्पण के साथ देश का प्रतिनिधित्व जारी रखने और भारत के साथ-साथ कोटा-बूंदी क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अरुंधति की यह यात्रा कई और युवा एथलीटों को खेल अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
इनपुट: IANS


