संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' से विक्की कौशल का दमदार फर्स्ट लुक जारी, नई रिलीज़ डेट भी आई सामने
संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'लव एंड वॉर' से विक्की कौशल का पहला लुक सामने आ गया है, जिसमें वह बेहद इंटेंस अवतार में नजर आ रहे हैं। इस पोस्टर के साथ ही फिल्म की नई रिलीज डेट की भी घोषणा कर…
संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'लव एंड वॉर' से विक्की कौशल का पहला लुक सामने आ गया है, जिसमें वह बेहद इंटेंस अवतार में नजर आ रहे हैं। इस पोस्टर के साथ ही फिल्म की नई रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी गई है। अब यह फिल्म 21 जनवरी, 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर यह फर्स्ट लुक शेयर किया है।
पोस्टर में विक्की कौशल गहरी और गुस्से से भरी नजरों से सीधे कैमरे में देख रहे हैं। उनके चेहरे पर, खासकर माथे और गाल के पास, चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं, जो उनके किरदार की गंभीरता को और बढ़ा रहे हैं। इस रेट्रो और स्वैग से भरपूर लुक के साथ कैप्शन में लिखा गया है, "नजरें मिलेंगी, लेकिन हटेंगी नहीं! संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' 21 जनवरी 2027 को।"
सेलेब्स और फैंस से मिली तारीफें
विक्की के इस दमदार लुक को फैंस के साथ-साथ इंडस्ट्री के लोग भी खूब पसंद कर रहे हैं। अभिनेता ऋतिक रोशन ने कमेंट में लिखा, "क्या बात है।" वहीं, विक्की के पिता और मशहूर एक्शन डायरेक्टर शाम कौशल ने बेटे की तारीफ करते हुए लिखा, "तुम पर नाज है, पुत्तर। रब दी मेहर बनी रहे, जोर दी झप्पी।" इसके अलावा उनके भाई सनी कौशल, अभिनेत्री सोनम कपूर समेत कई अन्य कलाकारों ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
फिल्म के बारे में खास जानकारी
भंसाली के निर्देशन में बन रही 'लव एंड वॉर' एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसकी पृष्ठभूमि जंग पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में विक्की कौशल के अलावा रणबीर कपूर और आलिया भट्ट भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। IANS के अनुसार, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रणबीर और विक्की एयरफोर्स ऑफिसर के किरदार में हो सकते हैं, जिनकी कहानी आलिया के किरदार से जुड़ती है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक कहानी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
रिलीज़ डेट में कई बदलाव
रणबीर, आलिया और विक्की स्टारर इस फिल्म की रिलीज डेट में कई बार बदलाव हो चुका है। पहले इसे क्रिसमस 2025 में रिलीज करने की घोषणा की गई थी, जिसे बाद में मार्च 2026 के लिए टाल दिया गया था। अब निर्माताओं ने 21 जनवरी, 2027 को इसकी फाइनल रिलीज डेट के तौर पर कन्फर्म किया है। यह फिल्म हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी दुनियाभर में रिलीज होगी।
इनपुट: IANS


