BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026: पीवी सिंधु से मुकाबले पर बोलीं वांग झी यी - 'अब दबाव नहीं, सिर्फ खेल पर ध्यान'
चीन की वर्ल्ड नंबर 3 बैडमिंटन खिलाड़ी वांग झी यी इस समय नई दिल्ली में हैं और 17 अगस्त से शुरू हो रही BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की तैयारियों में जुटी हैं। टूर्नामेंट से पहले उन्होंने भारत की स्टार…
चीन की वर्ल्ड नंबर 3 बैडमिंटन खिलाड़ी वांग झी यी इस समय नई दिल्ली में हैं और 17 अगस्त से शुरू हो रही BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की तैयारियों में जुटी हैं। टूर्नामेंट से पहले उन्होंने भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु के साथ अपनी प्रतिद्वंद्विता पर खुलकर बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि पहले सिंधु के खिलाफ खेलते हुए उन पर मानसिक दबाव रहता था, लेकिन अब वह किसी भी संभावित मुकाबले के लिए पूरी तरह स्पष्ट सोच के साथ तैयार हैं।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वांग ने कहा, "मुझे लगता है कि सिंधु के खिलाफ खेलने से पहले मेरे दिमाग में बहुत सारी बातें चल रही थीं।" उन्होंने सिंधु की तारीफ करते हुए कहा, "वह एक अच्छी खिलाड़ी हैं; उन्होंने हाल ही में 'जापान ओपन' का खिताब जीता है और लगातार बेहतर खेल रही हैं, इसलिए मुकाबला मुश्किल होगा, लेकिन मैं अभी सिर्फ अपने पहले मैच पर ध्यान दे रही हूं।"
नतीजे से ज्यादा प्रक्रिया पर फोकस
वर्ल्ड चैंपियनशिप का खिताब वांग के लिए अब तक एक सपना ही रहा है, लेकिन वह इसे खुद पर हावी नहीं होने दे रही हैं। उन्होंने साफ किया कि उनका लक्ष्य बड़े खिताब या नतीजों के बारे में सोचने के बजाय सिर्फ अपनी प्रक्रिया और खेल पर ध्यान केंद्रित करना है। वांग ने कहा, "मैं नतीजे या किसी खिताब के बारे में नहीं सोचना चाहती; मैं बस प्रक्रिया पर ध्यान देना चाहती हूं।"
नई रणनीति और बदलती परिस्थितियां
इस साल ऑल इंग्लैंड ओपन में ओलंपिक चैंपियन एन से यंग को हराने के बाद से वांग अपने खेल में कुछ रणनीतिक बदलाव लाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने माना, "मैं रणनीतिक रूप से थोड़ा बदलाव करने की कोशिश करना चाहती हूं। मैं काफी अच्छा काम कर रही हूं, लेकिन कोर्ट पर यह काम नहीं करता, इसलिए उम्मीद है कि मैं बेहतर कर पाऊंगी।" इसके अलावा, नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के बदले हुए माहौल से भी उन्हें तालमेल बिठाना होगा। पहले ट्रेनिंग सेशन के बाद उन्होंने कोर्ट पर हवा के बहाव (ड्रिफ्ट) को महसूस किया और कहा कि इन परिस्थितियों के हिसाब से ढलना अहम होगा।
फिलहाल, वांग का पूरा ध्यान अपने पहले मैच पर है, जो यूएसए की बेइवेन झांग के खिलाफ है। वह टूर्नामेंट में बहुत आगे की सोचने से बच रही हैं और एक-एक कदम आगे बढ़ना चाहती हैं। उन्होंने अंत में कहा, "मैं बस खुद पर ध्यान देना चाहती हूं, न कि अतीत पर। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहती हूं और खिताब जीतना चाहती हूं।"
इनपुट: IANS


